Categories: Crime

2017 विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल से सपा व बसपा का सफाया सुनिश्चित है: ओमप्रकाश राजभर

संजय ठाकुर
मऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल से बसपा व सपा का सफाया सुनिश्चित है। नौ जुलाई को रेलवे मैदान पर होने वाली अतिपिछडा़, अतिदलित भागीदारी जागरुकता महापंचायत में भाजपा व भासपा के गठबंधन का ऐलान किया जाएगा। सपा व बसपा ने अतिदलितों व अतिपिछड़ों को धोखा दिया है। भाजपा व भासपा गठबंधन प्रदेश की सत्ता पर काबिज होकर गुंडाराज, भ्रष्टाचार, घोटाला व लूट खसोट से मुक्ति दिलाएगा। उन्होंने बुधवार को नगर पालिका कम्युनिटी हाल में प्रेसवार्ता के दौरान बोल रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने रेलवे मैदान में चल रही रैली की तैयारियों का जायजा भी लिया।

श्री राजभर ने कहा कि जब से प्रदेश में सपा व बसपा की सरकारें सत्ता में आईं, तब से दोनों ही दलों ने एक-एक जाति विशेष को आरक्षण के नाम पर अलग-अलग ढंग से लाभ दिया। जबकि मुसहर, नट, बांसफोर, मेस्तर, डोम, हेला, खरवार, धोबी, पासी, कुजड़ा, खटिक, सोनकर, राजभर, पाल, प्रजापति, कोहार, लोहार, नाई, बिंद, केवट, मल्लाह, चौहान, कुशवाहा, गुप्ता, चौरसिया आदि जातियों को नौकरी, रोजगार, आवास, राशनकार्ड आदि तमाम सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं दिया गया।
इसी का नतीजा है कि अब अतिपिछडे़ व अतिदलितों ने सपा-बसपा को सबक सिखाने का मन बना लिया है। नौ जुलाई को रेलवे मैदान में होने वाले महापंचायत में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में दोनों दलों के गठबंधन का ऐलान किया जाएगा। कहा कि यह महापंचायत ऐतिहासिक होगी। भाजपा से पूर्वांचल के पृथक राज्य बनाने पर चर्चा की जाएगी। कहा कि गठबंधन की ही आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनेगी। इससे गरीबों, मजलूमों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बेरोजगारों तथा युवाओं सहित समाज के हर वर्ग की तरक्की के साथ अतिपिछड़ों, अतिदलितों के विकास के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी। इस अवसर पर महासचिव अरविंद राजभर, संतोष पांडेय, अरुण राजभर, महेंद्र राजभर, धीरेंद्र सिंह, शक्ति सिंह, अशोक सिंह आदि उपस्थित थे।
pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in
Tags: Politics

Recent Posts