Categories: Crime

आलापुर, अम्बेडकरनगर – जब टूट रहे थे ताले तब क्या सो रही थी पुलिस

चोरों ने उड़ाया पांच लाख का सामान, एक साथ तीन दुकानों का तोड़ा ताला
अनंत कुशवाहा
आलापुर, अम्बेडकरनगर। आलापुर थाना क्षेत्र के डगडगवा चैराहा चहोड़ा घाट बाजार में दो सर्राफा समेत तीन दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग पांच लाख का सामान उड़ा दिया। एक ही रात मे चैराहे पर हुई चोरी की तीन बड़ी वारदातों से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ितों ने मामले की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आलापुर थाने पर तहरीर दी है लेकिन खबर प्रेषण तक पुलिस कार्यवाही तो दूर मामला पंजीकृत भी नहीं कर सकी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक डगडगवा चहोड़ाघाट चैराहे पर बीती मंगलवार की रात को चोरों ने संदीप ज्वैलर्स का ताला तोड़कर उसकी आलमारी को लगभग 300 मीटर दूर खेत में ले जाकर ढाई किलो चांदी, 15 ग्राम सोना व 4000 रूपए की नगदी, चांदी का सिक्का एवं अन्य सामान उड़ा दिया। वही बगल स्थित नंदन ज्वैलर्स की दुकान का भी ताला तोड़कर चोरों ने सवा किलो चांदी, 10 ग्राम सोना, पांच हजार की नगदी गायब कर दिया। चैराहे पर ही चाय व मिष्ठान की दुकान करने वाले प्रेमसागर माझी की दुकान का भी ताला तोड़कर लगभग 4000 रुपए नगदी एवं लाखों रुपए के स्वर्ण आभूषण चोरों ने पार कर दिया। भोर में जब बाजारवासियों नें दूकान का ताला टूटा देखा तो चोरी की वारदात से लोग हतप्रभ रह गए। मामले की सूचना पीड़ित दुकानदारों ने आलापुर थाने पर दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक मनोज सिंह ने छानबीन किया। बाद में पीड़ित दुकानदार प्रेमसागर माझी, संदीप सोनी व नंदन सोनी ने अलग-अलग तीन तहरीर मामले की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए दिया लेकिन खबर प्रेषण तक कार्यवाही तो दूर मामले की प्राथमिकी तक दर्ज नहीं हो पाई थी। थानाध्यक्ष रामअवतार के मुताबिक मामले की जानकारी है। घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in
Tags: Crime

Recent Posts