Categories: Crime

महिला आत्मदाह करने पहुची तहसील, प्रशासन ने दिलाया हक

सुहेल अख्तर

मऊ :गुरुवार की सुबह से ही मधुबन तहसील मुख्यालय पर प्रशासन सक्रिय था। पुलिसकर्मियों के चेहरों पर एक सजगता और सतर्कता का भाव था तो अधिकारी भी समय-समय पर उनसे जानकारी ले रहे थे। यह सब व्यवस्था की गई थी एक महिला की चेतावनी के मद्देनजर। दरअसल, अपने पति से हक की लड़ाई लड़ रही एक पीड़ित महिला ने तहसील मुख्यालय पर ही न्याय न मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। दोपहर के समय महिला जैसे ही तहसील की ओर अपनी एक सहयोगी के साथ आती दिखी, पुलिस सतर्क हो गई।

आगे बढ़ महिला पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ झोले के भीतर रखी केरोसिन तेल की बोतल को अपने कब्जे में ले लिया। महिला को आत्मदाह से रोक पुलिस उसे थाने ले गई। वहां उसकी बात सुनने के बाद मौके पर पहुंच अधिकारियों ने खेत का बंटवारा करा दिया।
क्षेत्र के भेड़कुल सुल्तानपुर सिहुलिया की निवासी देवंती देवी अपने पति से बीते 15 वर्षों से अलग रहती है। उसका एक बेटा व बहू उसके पति के साथ और एक बेटा व बहू उसके साथ रहते है। महिला अपने पति की खेती में से आधा हिस्से की मांग काफी दिनों से कर रही थी। हिस्सा न मिलने पर उसने तहसील मुख्यालय पर गुरुवार को आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। इसके चलते तहसील परिसर सुबह से ही पुलिस छावनी में तब्दील था। उपजिलाधिकारी अनूप कुमार व प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह ने पति-पत्नी के बीच समझौता कराते हुए उनके खेत को दोनों के बीच आधा-आधा करा दिया। तब जाकर इस प्रकरण का पटाक्षेप हुआ।
pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in
Tags: UP

Recent Posts