National

मुलायम सिंह यादव की बहु अपर्णा यादव हुई भाजपा में शामिल, मोदी-योगी की किया जमकर तारीफ़, केशव प्रसाद मौर्या ने तंज़ कसते हुवे कहा अखिलेश अपना परिवार न सम्भाल पाए

तारिक़ खान

डेस्क। सियासी उठा पटक के दौर में कई भाजपा नेता के सपा में शामिल होने के कारण भाजपा को बड़ा झटका लगा था। मगर इस बार भाजपा ने सपा को जोर का झटका दिया है, और सीधे परिवार के सदस्य को भाजपा में शामिल करवा लिया है। मुलायम सिंह यादव की बहु अपर्णा यादव आज भाजपा दफ्तर पहुंची और भाजपा में शामिल हो गई है। अपर्णा ने भाजपा के दिल्ली स्थित हेडक्वॉर्टर में यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उनके साथ उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे।

भाजपा में शामिल होने के बाद अपर्णा यादव ने कहा कि मैं हमेशा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित रही हूं। राष्ट्रवाद मेरे जीवन का बहुत ही अहम हिस्सा रहा है। मैं हमेशा से किसी भी चीज से पहले राष्ट्र के बारे में सोचती हूं। लखनऊ कैंट से खुद के चुनाव लड़ने के बारे में अपर्णा ने कहा कि पार्टी मुझे जो कुछ कहेगी मैं वो करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी स्वतंत्रत होकर अपनी विचारधारा से जुड़ सकते हैं। देश को बचाना है तो राष्ट्रवाद के साथ चलना है, भाजपा राष्ट्रवाद के लिए अग्रसर रही है।

इस मौके पर केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज भी कसा और कहा कि अखिलेश यादव अपना परिवार नहीं संभाल पाए हैं। केशव ने कहा कि हम अपर्णा का अपने भाजपा परिवार में स्वागत करते हैं। वह समय-समय पर भाजपा सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का समर्थन करती रही हैं। केशव कहा कि अखिलेश यादव चुनाव में हार से इतने भयभीत हैं कि वह लड़ने के लिए विधानसभा सीट तक नहीं तय कर पा रहे हैं। वो कहते हैं कि विकास किया है। अगर विकास किया है तो उसी सीट से चुनाव लड़ें, जहां विकास किया है।

कयास लगाए जा रहे हैं कि अपर्णा लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी वह इसी सीट से चुनावी मैदान में थीं। हालांकि, उन्हें हार मिली थी। इसी सीट पर भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने भी अपने बेटे के लिए भाजपा से टिकट मांगा है। उन्होंने यहां तक कहा था कि अगर यह नियम है कि किसी सांसद के बेटे को टिकट नहीं दी जाएगी तो मैं प्रयागराज लोकसभा सीट से इस्तीफा भी देने के लिए तैयार हूं।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts