शाहीन बनारसी
डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित एक कॉलेज के प्रिंसिपल को उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में मिली जमानत को चुनौती देने में राज्य सरकार द्वारा दिलचस्पी दिखाने पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को फटकार लगाई है। लाइव लॉ ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने सरकार से पूछा कि क्या वह उस समय ‘गंभीर’ थी, जब उसने पीठ से यह दर्ज करने के लिए कहा कि वह डॉ। इनामुर्रहमान को अग्रिम जमानत देने के मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देना चाहती है।
इस मामले में फरहत खान और प्रकाशक अमर लॉ पब्लिकेशन को भी आरोपी बनाया गया है। रहमान ने तब कहा था, ‘एलएलएम का एक विषय है, जिसका नाम है ‘सामूहिक हिंसा एवं दांडिक न्याय पद्धति’। यह देखते हुए कि इसके लिए कोई पाठ्यक्रम निर्धारित नहीं है छात्र उन विषयों पर कोई भी पुस्तक चुन सकते हैं। मुझे 2019 में प्रिंसिपल नियुक्त किया गया था और यह पुस्तक 2014 से लाइब्रेरी में है।’ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने शुरू में मामले में रहमान को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था। 16 दिसंबर, 2022 को शीर्ष अदालत ने खुद रहमान को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया था, जिसके बाद 22 दिसंबर 2022 को हाईकोर्ट ने रहमान को जमानत दे दी थी।जब रहमान के वकील एडवोकेट अल्जो के0 जोसेफ ने पीठ को इस बारे में सूचित किया तो पीठ ने रहमान द्वारा मामले में सुरक्षा की मांग वाली याचिका का निस्तारण कर दिया। तब राज्य सरकार ने यह दर्ज करने का अनुरोध किया कि वह जमानत को चुनौती देने की इच्छुक है।
लाइव लॉ के मुताबिक, सीजेआई ने पूछा, ‘राज्य को कुछ और गंभीर चीजें करनी चाहिए। वह कॉलेज के प्रिंसिपल हैं। आप उन्हें क्यों गिरफ्तार कर रहे हैं? लाइब्रेरी में एक किताब मिली है, जिसके बारे में कहा जाता है कि इसमें कुछ सांप्रदायिक बातें हैं। इसलिए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है? किताब 2014 में खरीदी गई थी और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है? क्या आप वाकई इस बारे में गंभीर हैं?’ यह वही कॉलेज है, जिसमें एक दिसंबर 2022 को एबीवीपी ने अपनी शिकायत में यह आरोप भी लगाया था कि हर शुक्रवार को प्रिंसिपल, मुस्लिम शिक्षक और इस समुदाय के छात्र-छात्रा मस्जिद में नमाज पढ़ने जाते हैं और इस वक्त कक्षाएं नहीं लगती हैं। महाविद्यालय परिसर में लव जिहाद को बढ़ावा दिए जाने और मांस खाए जाने का भी आरोप है।
हंगामे के बाद महाविद्यालय के तत्कालीन प्रिंसिपल डॉ0 इनामुर्रहमान ने कहा था कि उन्होंने छह प्रोफेसरों को शैक्षणिक कार्य से पांच दिन के लिए हटा दिया है और जिला न्यायालय के किसी अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से इन आरोपों की जांच का निर्णय किया है। इसके बाद लाइब्रेरी में कथित हिंदूफोबिक किताब मिलने का मामला सामने आया था, जिसके बाद शहर के भंवरकुआं थाने में ‘सामूहिक हिंसा एवं दांडिक न्याय पद्धति’ के शीर्षक इस किताब की लेखक डॉ। फरहत खान, प्रकाशक अमर लॉ पब्लिकेशन, प्रिंसिपल डॉ0 इनामुर्रहमान और संस्थान के प्रोफेसर मिर्जा मोजिज बेग के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
मुस्कान अंसारी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में 13 वर्षों…
तारिक़ आज़मी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): आज 26 नवंबर है— भारतीय इतिहास और…
आदिल अहमद डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी…
तारिक खान डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): संविधान दिवस के अवसर पर आज (गुरुवार,…
रेयाज़ अहमद गाजीपुर (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद गाजीपुर के नन्दगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत…
गौरव जैन कांठ (मुरादाबाद) (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में…