Politics

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुलडोजर को लेकर योगी आदित्यनाथ पर साधा निशाना, कहा- ‘हमारी सरकार में भी बुलडोजर चलेगा लेकिन…’

शाहीन बनारसी

डेस्क: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कल शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। संबोधित करने के दौरान अखिलेश यादव योगी सरकार पर जमकर हमलावर हुए और बुलडोजर को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने कहा, ”हमारे पुलिस के लोग बहुत ही अनुशासन में रहने वाले लोग हैं। ये भी ऑर्डर मानते हैं और कुछ नहीं मानते हैं। अभी ऑर्डर चल रहा है कि बुलडोजर से दो मंजिल का घर गिराओ। अभी ऑर्डर गरीबों के घर गिराने का है और अगर समाजवादी लोग सरकार में आ गए तो यही ऑर्डर मानेंगे, वही बुलडोजर होगा। मंजिल दो वाली नहीं होगी, गरीब की नहीं होगी। आठ मंजिल, दस मंजिल।”

बुलडोजर कार्रवाई के साथ अखिलेश ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भूमाफिया होने का आरोप भी लगाया है। अखिलेश ने कहा, ”ये बुलडोजर वाली सरकार सबसे बड़ी भूमाफिया सरकार है। आप जाओ कानुपर में और जो बड़ी-बड़ी इमारतें दिखें उनको देखकर बताए कि ये अवैध हैं या नहीं। लखनऊ देखकर आओ कि अवैध हैं या नहीं। अयोध्या देखकर आओ अवैध हैं या नहीं हैं।”

“मैं बीजेपी के लोगों को भूमाफिया इसलिए कह रहा हूं, आप अयोध्या की रजिस्ट्रियां बता दो सबसे ज़्यादा किसने कराई हैं। सबसे ज़्यादा बीजेपी के लोगों ने कराई हैं।” इसके अलावा अखिलेश यादव ने प्रदेश में छुट्टा जानवरों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि सड़क पर कई जगह उनकी गाड़ी सांड से टकराने से बची है।

Banarasi

Recent Posts