आदिल अहमद
लखनऊ। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ बुधवार को लखनऊ में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।अपने संबोधन की शुरुआत खरगे ने अपने राजनीतिक जीवन के बारे में जानकारी देते हुए की।खरगे ने दावा किया कि मोदी जी 400 पार बोल रहे हैं, लेकिन मैं दावा करता हूं कि वे 200 पार भी नहीं कर रहे हैं।
कांग्रेस चीफ खरगे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाषण में वह मटन, चिकन और मंगलसूत्र जैसे मुद्दे ला रहे हैं। खरगे ने कहा कि पीएम अगर इतना झूठ बोलेंगे तो हम क्या करेंगे।पीएम मोदी ने उतना राम का नाम नहीं लिया होगा जितना कांग्रेस को गाली दिया होगा। खरगे ने कहा कि तानाशाही में लोगों के वोट देने का अधिकार भी सुरक्षित नहीं रहेगा। भाजपा के लोग प्रत्याशियों को डराकर नामांकन दाखिल नहीं करने दे रहे हैं। हैदराबाद में भाजपा प्रत्याशी मुस्लिम महिलाओं का बुर्का हटाकर देख रही है। यहां तक की बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी डराया जा रहा है। इन सबके बावजूद इंडिया गठबंधन आगे है। भाजपा काफी पीछे है।
कांग्रेस चीफ खरगे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने संविधान को बदलने की बात की थी। भाजपा के कई नेता संविधान बदलने की बात करते रहते हैं,लेकिन इन सब लोगों को मोदी कभी नहीं मना करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सत्ता में आने पर जातीय जनगणना कराएंगे। इससे लोगों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगेगा। ये हम देश को कमजोर करने के लिए नहीं कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि पीएम मोदी हमारे घोषणा पत्र के बारे में झूठ फैला रहे हैं। वो बताते हैं कि कांग्रेस लोगों की संपत्ति का सर्वे करवाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि देश के 80 करोड़ गरीबों को हम मुफ्त अनाज दे रहे हैं। उन्होंने ये नहीं बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून तो हम लेकर आए। इंडिया गठबंधन की सरकार आएगी तो हम 10 किलो अनाज देंगे। हमने कर्नाटक में किया है तेलंगाना में किया है।
बोले अखिलेश ‘इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है’
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का झूठ जितना परवान चढ़ना था चढ़ चुका है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने वाली है। 4 जून को प्रेस की स्वतंत्रता का भी दिन होगा। भाजपा 140 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। उनका रथ फंसा ही नहीं धंस गया है। वो अपने ही नकारात्मक नैरेटिव में फंस गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन यूपी में 79 सीटें जीत रहा है और क्योटो (काशी) में लड़ाई में है। 4 जून को किसानों की सरकार बनेगी। बेरोजगार युवाओं की सरकार बनेगी।
बसपा द्वारा इंडिया गठबंधन के खिलाफ प्रत्याशी चुनाव में उतारने पर अखिलेश यादव ने कहा कि मैं यही अपील करूंगा कि बहुजन समाज के लोग जो बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर में आस्था रखते हैं, जो उनके बनाए हुए संविधान को बचाना चाहते हैं वे अपना वोट खराब न करें। इंडिया गठबंधन की मदद करें जिससे लोकतंत्र को मजबूत किया जा सके।
मुस्कान अंसारी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में 13 वर्षों…
तारिक़ आज़मी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): आज 26 नवंबर है— भारतीय इतिहास और…
आदिल अहमद डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी…
तारिक खान डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): संविधान दिवस के अवसर पर आज (गुरुवार,…
रेयाज़ अहमद गाजीपुर (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद गाजीपुर के नन्दगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत…
गौरव जैन कांठ (मुरादाबाद) (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में…