International

अमेरिका के कैलिफोर्निया में हिन्दू मंदिर में हुई तोड़फोड़, भारत के विदेश मंत्रलाय ने किया घटना की कड़ी निंदा

शफी उस्मानी

डेस्क: अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) के हिंदू मंदिर में हुई तोड़फोड़ की भारत सरकार ने निंदा की है। अमेरिका में हाल के महीनों में हिंदू मंदिरों पर हमले की घटनाएं बढ़ी हैं। बीते साल 25 सितम्बर को कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में श्री स्वामीनारायण मंदिर को निशाना बनाया गया था। इसके कुछ दिन पहले न्यूयॉर्क के बीएपीएस मंदिर में भी ऐसी ही घटना हुई थी।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार (8 मार्च) को बीएपीएस ने यह जानकारी दी कि चिनो हिल्स में श्री स्वामीनारायण मंदिर को अपवित्र किया गया है। बीएपीएस पब्लिक अफ़ेयर्स ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘एक और मंदिर को अपवित्र किया गया। इस बार, कैलिफ़ोर्निया में चिनो हिल्स के मंदिर को निशाना बनाया गया। हिंदू समुदाय इस नफ़रत के ख़िलाफ़ एकजुट होकर खड़ा है। चिनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफ़ोर्निया के समुदाय के साथ मिलकर हम कभी भी नफ़रत को पैर नहीं जमाने देंगे।’

वहीं, इस मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से भी सख्त प्रतिक्रिया सामने आई है। भारत ने रविवार (9 मार्च) को इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसमें शामिल लोगों के खिलाफ ‘कड़ी कार्रवाई’ की मांग की है। भारत ने घटना के मद्देनजर पूजा स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान में कहा, ‘हमने कैलिफ़ोर्निया के चिनो हिल्स में एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की रिपोर्ट्स देखी हैं। हम इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।’

उन्होंने कहा कि ‘हम स्थानीय लॉ अथॉरिटीज़ से अपील करते हैं कि इस कृत्य के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करें और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।’ मालूम हो कि बीते साल सितंबर में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में बीएपीएस हिंदू मंदिर को अपवित्र कर दिया गया था और दीवार पर नारे लिखकर कहा गया था कि ‘हिन्दुओं वापस जाओ!’ सैक्रामेंटो की घटना से करीब 10 दिन पहले न्यूयॉर्क के मेलविले में एक और बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर को अपवित्र किया गया था और घृणा फैलाने वाले संदेश लिखे गए थे।

pnn24.in

Recent Posts