मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने कहा ‘पाकिस्तानी कलाकारों को हमारे यहाँ सम्मान मिला, लेकिन वैसी इज्ज़त हमे पाकिस्तान में नहीं मिली’

आफताब फारुकी
डेस्क: मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख़्तर ने भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के बैन होने पर बयान दिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा है कि पाकिस्तानी कलाकारों को भारत में सम्मान मिला और खूब सम्मान मिला। बेशक भारतीय कलाकार पाकिस्तान में मशहूर हुवे है, मगर उनको वह सम्मान नहीं मिला जो भारत में पाकिस्तान के कलाकारों को मिला है।

उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान के मशहूर शायरों ने लता मंगेशकर के गानों के लिए लिखा और लता जी 60 और 70 के दशक में भारत और पाकिस्तान, दोनों जगह बेहद पसंद की जाती थीं। फिर भी, उन्होंने कभी पाकिस्तान में परफॉर्म क्यों नहीं किया? इसका मतलब यह नहीं कि पाकिस्तानी लोग उन्हें पसंद नहीं करते थे। लेकिन कहीं न कहीं कोई रुकावट थी और वो रुकावट शायद सिस्टम में थी, जिसे मैं समझ नहीं पाता। इसलिए लगता है कि यह रिश्ता एकतरफा ही रहा है।’
जावेद अख़्तर ने आगे कहा, ‘अब दूसरी बात यह है कि अगर हम पाकिस्तानी कलाकारों को आने से रोकते हैं, तो इससे पाकिस्तान में किसे फ़ायदा होगा? सेना या कट्टरपंथियों को? यही तो वे चाहते हैं कि दूरी बनी रहे। तो दोनों पक्ष अपनी जगह सही हैं। लेकिन फिलहाल की स्थिति को देखते हुए, मैं कहूंगा नहीं, अभी उन्हें आने देना ठीक नहीं होगा।’











