National

‘आपरेशन सिंदूर’ के मुद्दे पर मुस्लिम समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुवे वीडियो पोस्ट करने वाली सोशल मीडिया इंफ़्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली गिरफ्तार, बोले भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ‘ये तुष्टिकरण की राजनीत है’

आदिल अहमद

डेस्क: पश्चिम बंगाल पुलिस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मुद्दे पर एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट के आरोप में 22 साल की लॉ स्टूडेंट और इंस्टाग्राम इंफ़्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को गिरफ़्तार कर लिया है। कोलकाता के गार्डनरीच थाने की पुलिस ने उन्हें गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।

कोलकाता पुलिस के सूत्रों ने बताया कि ‘शर्मिष्ठा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बॉलीवुड एक्टर्स की चुप्पी को लेकर एक वीडियो अपलोड किया था, इसी दौरान उन्होंने एक धर्म विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी।’ शर्मिष्ठा पनोली को गुरुग्राम की अदालत में पेश करने के बाद उन्हें ट्रांज़िट रिमांड पर कोलकाता लाकर शनिवार को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने शर्मिष्ठा को 13 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

शर्मिष्ठा के वकील का कहना है कि इस गिरफ़्तारी के ख़िलाफ़ उन्होंने अदालत में ज़मानत याचिका दायर की है। उन्होंने ये भी बताया कि शर्मिष्ठा का मोबाइल फ़ोन और लैपटॉप ज़ब्त हो चुका है। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए वकील शमीमुद्दीन ने कहा, ‘हमने अदालत के सामने ज़मानत याचिका पेश करते हुए बताया है कि अभियोजन पक्ष ने जिन वस्तुओं के कथित तौर पर इस्तेमाल होने का ज़िक्र किया है, मसलन मोबाइल फ़ोन और लैपटॉप, उन्हें पहले ही ज़ब्त कर लिया गया है।’

वकील ने कहा, ‘अदालत ने हमारी याचिका सुनी। अभियोजन पक्ष ने पुलिस हिरासत की मांग की थी, जिसे ख़ारिज कर दिया गया। अभियुक्त को 13 जून, 2025 तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।’ इस बीच समाचार एजेंसी आईएएनएस का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पुलिस की गाड़ी में बैठने से पहले शर्मिष्ठा कहती दिख रही हैं, ‘लोकतंत्र में मेरा उत्पीड़न किया गया। यह लोकतंत्र नहीं है।’ शर्मिष्ठा पुणे के सिंबायोसिस लॉ स्कूल में बीबीए-एलएलबी ऑनर्स के चौथे साल में पढ़ती हैं।

उनकी गिरफ्तारी पर आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण और पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी समेत कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी है। शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में ‘तुष्टिकरण की राजनीति’ का आरोप लगाया है। वहीं पवन कल्याण ने कहा है कि पुलिस को उचित तरीके़ से काम करना चाहिए। बताते चले कि 15 मई को कोलकाता के गार्डनरीच थाने में शर्मिष्ठा के ख़िलाफ़ एक शिकायत हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक़, इस शिकायत के बाद शर्मिष्ठा को नोटिस भेजने की कोशिश की गई। लेकिन वो पूरे परिवार के साथ अंडरग्राउंड हो गई थीं। बाद में उनके ख़िलाफ़ जारी वॉरंट के आधार पर गिरफ्तारी की गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शर्मिष्ठा ने विवादास्पद वीडियो वायरल होने और उसके विरोध के बाद सोशल मीडिया पर बिना शर्त माफ़ी मांगते हुए विवादित वीडियो और संबंधित पोस्ट को हटा दिया था। लेकिन कोर्ट ने इस मामले में वॉरंट जारी किया था। सोशल मीडिया पर शर्मिष्ठा का एक वीडियो भी वायरल है, जिसमें वो एक धर्म विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करती देखी जा रही हैं। कहा जा रहा कि पुलिस ने इसी वीडियो की शिकायत पर कार्रवाई की है।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts