National

जमियत उलमा-ए-हिन्द के मौलाना अरशद मदनी की याचिका पर सुनवाई करते हुवे दिल्ली हाईकोर्ट ने लगाया फिल्म ‘उदयपुर फाइल’ के रिलीज़ पर रोक, बोले एसएम यासीन ‘अल्लाह का शुक्र है, सभी बधाई के पात्र है’

तारिक आज़मी

डेस्क: विवादों में घिरी एक फिल्म ‘उदयपुर फाइल’ जो कन्हैया लाल टेलर हत्याकांड पर आधारित थी के प्रदर्शन पर दिल्ली हाई कोर्ट ने आज जमियत उलेमा-ए-हिन्द और अन्य याचिकाकर्ताओ की याचिका पर सुनवाई करते हुवे इसके प्रदर्शन पर रोक लगा दिया है। आज आये फैसले पर वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद की देखरेख करने वाली संस्था अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने ख़ुशी ज़ाहिर किया है।

दिल्ली हाईकोर्ट ने इस रोक के साथ ही इस्लामी धर्मगुरुओं के संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद और अन्य याचिकाकर्ताओं को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड द्वारा फिल्म के लिए दिए गए प्रमाणन के खिलाफ केंद्र सरकार से संशोधन का अनुरोध करने की अनुमति मिल गई। बता दें, केंद्र सरकार जब तक याचिकाकर्ता की संशोधन याचिका पर अंतरिम राहत पर फैसला नहीं ले लेती, तब तक हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज़ पर रोक लगा दी। यह फिल्म उदयपुर के दर्जी कन्हैया लाल की 2022 में हुई हत्या पर आधारित बताई जा रही है।

इस फिल्म की रिलीज़ कल यानी शुक्रवार को होने वाली है। जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने अपने अध्यक्ष अरशद मदनी के माध्यम से फिल्म के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और आरोप लगाया कि यह सांप्रदायिक रूप से भड़काऊ है और बड़े पैमाने पर मुस्लिम समुदाय को बदनाम करती है। हालांकि, हाईकोर्ट ने अपने रिट अधिकार क्षेत्र का प्रयोग करने से इनकार किया और कहा कि याचिकाकर्ताओं को पहले सिनेमैटोग्राफ अधिनियम की धारा 6 के तहत संशोधन के लिए अपने वैधानिक उपाय का उपयोग करना चाहिए।

न्यायालय ने याचिकाकर्ताओं को आज (गुरुवार) से दो दिनों के भीतर अधिनियम की धारा 6 के तहत संशोधन शक्तियों का प्रयोग करने की अनुमति दी। न्यायालय ने कहा कि कोई तीसरा पक्ष भी धारा 6 के तहत संशोधन शक्तियों का प्रयोग कर सकता है। चीफ जस्टिस डी0के0 उपाध्याय और जस्टिस अनीश दयाल की खंडपीठ ने कहा कि ‘चूंकि हम याचिकाकर्ता को संशोधन उपाय का उपयोग करने से रोक रहे हैं, इसलिए हम यह प्रावधान करते हैं कि जब तक सरकार द्वारा अंतरिम राहत प्रदान करने के आवेदन पर निर्णय नहीं हो जाता, यदि याचिकाकर्ता द्वारा आवेदन किया जाता है, तब तक फिल्म की रिलीज़ पर रोक रहेगी।’

हाईकोर्ट ने आने आदेश में कहा कि ‘याचिकाकर्ता ने धारा 6 के तहत वैधानिक उपाय का सहारा नहीं लिया, जो केंद्र सरकार को फिल्म को अप्रमाणित घोषित करने या फिल्म के प्रदर्शन पर रोक जैसे अंतरिम उपाय प्रदान करने के लिए पर्याप्त शक्तियां प्रदान करता है। ऐसा नहीं है कि इस न्यायालय के लिए असाधारण अधिकार क्षेत्र का प्रयोग करना अनुचित है, यहां तक कि ऐसे मामले में भी जहां याचिकाकर्ता ने वैकल्पिक उपाय नहीं अपनाए हैं।’

अदालत ने कहा कि ‘लेकिन मामले के तथ्यों को ध्यान में रखते हुए और अधिनियम की योजना को ध्यान में रखते हुए हमारा मत है कि याचिकाकर्ता को धारा 6 के तहत केंद्र सरकार से संपर्क करना चाहिए था। तदनुसार, हम याचिकाकर्ता को आज से दो दिनों के भीतर अधिनियम की धारा 6 का हवाला देकर केंद्र सरकार से संपर्क करने की अनुमति देते हैं। यदि याचिकाकर्ता सरकार से संपर्क करता है तो वह अंतरिम अनुरोध की अनुमति के लिए भी प्रार्थना कर सकता है। एक बार जब याचिकाकर्ता पुनर्विचार याचिका दायर करके केंद्र सरकार से संपर्क करता है तो सरकार द्वारा उस पर एक सप्ताह के भीतर विचार किया जाएगा और निश्चित रूप से धारा 6(3) के तहत निर्माता को अवसर देने के बाद निर्णय लिया जाएगा।’

साथ ही अदालत ने कहा कि ‘अधिनियम की धारा 12 के अधीन हम यह भी निर्देश देते हैं कि यदि अंतरिम राहत के लिए प्रार्थना की जाती है तो उस पर भी विचार किया जाएगा और निर्णय लिया जाएगा।’ वही इस मामले पर अपना बयान जारी करते हुवे ज्ञानवापी मस्जिद की देख रेख करने वाली संस्था अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने कहा कि ‘आज माननीय उच्च न्यायालय दिल्ली ने मौलाना अरशद मदनी की  दायर याचिका को स्वीकार कर फिल्म की रिलीज पर स्टे कर दिया है।’

उन्होंने कहा कि ‘वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और फुजैल अहमद अय्यूबी की फिल्म देखने के बाद जोरदार बहस सुनने के पश्चात माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय की पीठ ने फिल्म को रिलीज  करने योगय नहीं माना। यह फिल्म निर्माता और निर्देशक व कलाकारों के लिए बहूत बड़ा झटका है। उनका समाज में द्वेष अराजकता फैलाना ही एकमात्र उद्देश्य था जिसमे विफल हो गए। मुसलमानों की छवि धूमिल करना भी उद्देश्य था। प्रशासन के लिए भी राहत की बात है। सभी शान्तिप्रिय लोग बधाई के पात्र है। माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय दिल्ली हाईकोर्ट व सहयोगी जज ने  एक बहुत महत्वपूर्ण फैसला दिया है, समाज दुशमनों के हौसले पस्त होंगे। अल्लाह का शुक्र है।’

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts