International

ग़ज़ा सिटी खाली करने का इसराइल का निर्देश, ट्रंप बना रहे ‘व्यापक योजना’

ईदुल अमीन

डेस्क: इसराइल ने ग़ज़ा सिटी में रह रहे फ़लस्तीनियों से क्षेत्र खाली करने को कहा है। इसराइली सेना के प्रवक्ता अविख़ाय अद्रेई ने लोगों से अपील की है कि वे दक्षिणी ग़ज़ा की ओर चले जाएं। सेना का दावा है कि वहां जगह उपलब्ध है और जाने वालों को मानवीय सहायता दी जाएगी। मौजूदा समय में ग़ज़ा सिटी में करीब दस लाख लोग रहते हैं।

यह घोषणा ऐसे वक्त आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ग़ज़ा की स्थिति पर बैठक करने वाले हैं। अमेरिका के मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ़ ने कहा है कि जंग के बाद ग़ज़ा पट्टी के प्रबंधन के लिए एक व्यापक योजना तैयार की जा रही है। ट्रंप पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनकी योजना ग़ज़ा पर नियंत्रण और नागरिकों को स्थानांतरित करने की है।

उधर, हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले 24 घंटों में पूरे क्षेत्र में 76 लोगों की मौत हुई है और लगभग 300 लोग घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टर्क ने कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इसराइली बलों द्वारा हजारों जैतून के पेड़ नष्ट किए जाने की निंदा की है। उन्होंने इसे फ़लस्तीनियों पर जारी दमन और ज़बरदस्ती की एक और बानगी बताया।

इस बीच मंगलवार को तेल अवीव में हजारों लोग सड़कों पर उतरे और तत्काल युद्धविराम के साथ-साथ हमास के कब्ज़े में बंधक बने इसराइली नागरिकों की रिहाई की मांग की।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts