आरसीबी ने भगदड़ पीड़ित परिवारों को दी 25-25 लाख की आर्थिक सहायता

शफी उस्मानी
डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का खिताब जीतने के बाद विजय जुलूस में मची भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिवारों को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 25-25 लाख रुपये की मदद दी है।
4 जून को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आरसीबी की जीत का जश्न मनाने पहुंचे लाखों फैंस के बीच भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे।
आरसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर लिखा, ‘4 जून को हमारा दिल टूट गया। हमने आरसीबी परिवार के 11 सदस्यों को खो दिया। वे हमेशा हमारी यादों में रहेंगे। उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता, लेकिन गहरे सम्मान के तौर पर हमने उनके परिवारों को 25-25 लाख रुपये की राशि दी है।’
टीम मैनेजमेंट ने यह भी बताया कि यह सिर्फ़ आर्थिक मदद नहीं बल्कि करुणा, एकता और निरंतर देखभाल का वादा है। इसी के साथ ‘RCB Cares’ पहल की शुरुआत की गई है, जिसकी विस्तृत जानकारी जल्द दी जाएगी।












