उधमपुर में सड़क हादसा: सीआरपीएफ का वाहन नाले में गिरा, तीन जवान शहीद, 15 घायल

तारिक खान
डेस्क: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के कदवा इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का वाहन फिसलकर नाले में जा गिरा। घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे उस वक्त हुई जब 187वीं बटालियन के जवान बसंतगढ़ से एक ऑपरेशन के बाद लौट रहे थे। वाहन में कुल 23 जवान सवार थे।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस हादसे में तीन जवानों की मौत हो गई है, जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस दुर्घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संवेदना व्यक्त की है।












