कोडीन कफ सिरप विवाद: विधानसभा में गरजे CM योगी, बोले- ‘UP में एक भी मौत नहीं, अब अपराधियों पर चलेगा बुलडोज़र’

आफताब फारुकी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले को लेकर सरकार का पक्ष पूरी मजबूती से रखा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नकली दवाओं या कोडीन सिरप के सेवन से उत्तर प्रदेश के भीतर एक भी मौत दर्ज नहीं की गई है। इसके साथ ही उन्होंने इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए ‘बुलडोज़र एक्शन’ के संकेत भी दिए हैं।
“UP सरकार के पास मौत का कोई रिकॉर्ड नहीं”
विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नकली दवाओं से होने वाली मौतों का कोई भी प्रकरण सरकार के संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा:
“कोडीन कफ सिरप से उत्तर प्रदेश के अंदर एक भी मौत नहीं हुई है। सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और हमने कानूनी लड़ाई में जीत हासिल की है। अब इस मामले में NDPS एक्ट के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
अब तक की कार्रवाई: आंकड़ों की जुबानी
CM योगी ने सदन में सरकार द्वारा की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई का ब्यौरा भी पेश किया। उन्होंने बताया कि इस अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर है:
- 79 मामले अब तक दर्ज किए जा चुके हैं।
- 225 अभियुक्तों को इस मामले में नामजद किया गया है।
- 78 गिरफ्तारियां अब तक हो चुकी हैं।
- 134 फर्मों पर छापेमारी कर जांच की गई है।
विपक्ष पर साधा निशाना: “गहराई में जाएंगे तो सपा का नाम आएगा”
मुख्यमंत्री ने इस मामले में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवैध कारोबार की जड़ों में कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग शामिल हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अगर इस मामले की गहराई में जाएंगे तो घूम-फिरकर कोई न कोई सपा से जुड़ा नेता या व्यक्ति इसकी चपेट में जरूर आएगा।”
सोनभद्र से खुला था अंतरराष्ट्रीय रैकेट का राज
गौरतलब है कि अक्टूबर महीने में मध्य प्रदेश और राजस्थान में कोडीनयुक्त कफ सिरप पीने से कई बच्चों की जान चली गई थी। इसके बाद जब जांच का दायरा बढ़ा, तो एक अंतरराष्ट्रीय रैकेट का खुलासा हुआ। 18 अक्टूबर को यूपी के सोनभद्र में पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक पकड़ा था, जिसके बाद से प्रदेश में लगातार छापेमारी और गिरफ्तारियों का दौर जारी है।
“अपराधी बचेगा नहीं, बुलडोज़र तैयार है”
मुख्यमंत्री ने अपने चिर-परिचित अंदाज में अपराधियों को चेतावनी दी कि सरकार इस मामले में किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि समय आने पर दोषियों के खिलाफ बुलडोज़र एक्शन भी लिया जाएगा ताकि भविष्य में कोई जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।











