सुरक्षा के लिए रखी पिस्टल बनी काल: फाजिल्का में सोफे से उठते ही चली गोली, AAP नेता के इकलौते NRI बेटे की मौत; CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

आफताब फारुकी
फाजिल्का (पंजाब): पंजाब के फाजिल्का जिले से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अपनी सुरक्षा के लिए कमर पर बांधी गई लोडेड पिस्टल अचानक चलने से एक NRI युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान हरपिंदर सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जो हाल ही में विदेश से लौटकर अपने पैतृक गाँव ढाणी सुच्चा सिंह में रह रहे थे।

खुशियां मातम में बदलीं: हरपिंदर सिंह के पिता दर्शन सिंह आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता हैं और उन्होंने हाल ही में बल्लुआना पंचायत समिति का चुनाव जीता था। घर में इसी जीत का जश्न और पार्टी की तैयारी चल रही थी। हरपिंदर उसी पार्टी में शामिल होने के लिए तैयार हो रहे थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। हरपिंदर अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनकी एक दो साल की मासूम बेटी है।
पुलिस की कार्रवाई: सदर पुलिस स्टेशन के एसएचओ (SHO) रविंदर शर्मा ने बताया कि मृतक के पिता दर्शन सिंह के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और मंगलवार, 30 दिसंबर को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
विधायक ने जताया दुख: बल्लुआना से आप विधायक अमनदीप सिंह ‘गोल्डी मुसाफिर’ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और इसे एक अपूरणीय क्षति बताया।











