ओडिशा में ‘मॉब लिंचिंग’: संबलपुर में आधार कार्ड मांगने के बहाने पश्चिम बंगाल के मजदूर शेख जुएल की पीट-पीटकर हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

शफी उस्मानी
संबलपुर (ओडिशा): देश के अलग-अलग राज्यों से प्रवासी मजदूरों के खिलाफ हो रही हिंसा की खबरों के बीच अब ओडिशा के संबलपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ बुधवार देर शाम पश्चिम बंगाल के एक प्रवासी मजदूर की कुछ स्थानीय लोगों ने बेरहमी से ‘पीट-पीटकर’ हत्या कर दी। हमलावरों ने मजदूरों को रोककर उनसे ‘आधार कार्ड’ दिखाने की मांग की थी।

मौके पर ही हुई मौत: एसडीपीओ ने बताया कि पहचान पत्र मांगने के दौरान विवाद बढ़ा और स्थानीय लोगों ने तीनों मजदूरों की पिटाई शुरू कर दी। हमला इतना बर्बर था कि शेख जुएल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत संबलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी: संबलपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मुर्शिदाबाद में उनके परिजनों को सूचना दे दी है। शेख जुएल संबलपुर में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करके अपने परिवार का पेट पाल रहे थे।











