ईरान में इंटरनेट पर कड़ा पहरा: पुलिस ने ज़ब्त किए 108 ‘स्टारलिंक’ उपकरण; सुरक्षा के लिए बताया खतरा, प्रदर्शनों में अब तक 2400 की मौत

शफी उस्मानी
डेस्क: ईरान में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों और सूचनाओं की पाबंदी के बीच ईरानी सुरक्षा बलों ने एलन मस्क की कंपनी ‘स्टारलिंक’ के सैटेलाइट इंटरनेट उपकरणों पर बड़ा क्रैकडाउन शुरू कर दिया है। ईरान की इकोनॉमिक सिक्युरिटी पुलिस के प्रमुख हुसैन रहीमी ने पुष्टि की है कि पुलिस ने अब तक स्टारलिंक के 108 उपकरण ज़ब्त किए हैं।

19 दिनों से ‘डिजिटल अंधेरे’ में ईरान: ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कुचलने के लिए इंटरनेट सेवा ठप किए जाने का सिलसिला आज 19वें दिन में प्रवेश कर गया है। बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट जाने के बाद, स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट ही ईरान और विदेशों के बीच संचार का एकमात्र सहारा बना हुआ था, जिस पर अब सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
हज़ारों की संख्या में मौत का दावा: दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत में शुरू हुए प्रदर्शनों ने अब बेहद हिंसक रूप ले लिया है। अमेरिका स्थित ईरानी ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी (HRANA) ने चौंकाने वाले आंकड़े जारी किए हैं:
- पिछले तीन हफ़्तों में कम से कम 2400 प्रदर्शनकारियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
- मरने वालों में 12 मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
- सरकार विरोधी इन प्रदर्शनों में मरने वालों की कुल संख्या हज़ारों में बताई जा रही है।
ईरानी सरकार इन प्रदर्शनों को विदेशी साजिश बता रही है, जबकि मानवाधिकार संगठन इसे जनता की आवाज़ को दबाने वाला ‘नरसंहार’ करार दे रहे हैं।









