कानपुर गैंगरेप: 8 दिन बाद भी खाकी के ‘दाग’ अमित मौर्या का सुराग नहीं; पीड़िता के भाई को मिली धमकी— “दरोगा को शरीफ बताओ, वरना अंजाम बुरा होगा”

मो0 कुमेल
कानपुर: कानपुर के चर्चित गैंगरेप कांड में मुख्य आरोपी दरोगा अमित मौर्या पुलिस की पकड़ से दूर है। 50,000 का इनाम घोषित होने के बावजूद खाकी का यह आरोपी 8 दिनों से फरार है। इस बीच, पीड़िता के परिवार को डराने और धमकाने का सिलसिला शुरू हो गया है, जिससे परिवार गहरे खौफ में है।

पुलिस महकमे से ही मिल रही है मदद? हैरानी की बात यह है कि आरोपी दरोगा को तलाशने के लिए मेरठ, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी में टीमें भेजी गई हैं, लेकिन अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि अमित मौर्या कानपुर में ही कहीं छिपा है। चर्चा यह भी है कि विभाग के ही कुछ लोग उसे पुलिस की मूवमेंट की जानकारी दे रहे हैं, जिससे वह बच निकला है।
कानूनी दांवपेच और प्रशासनिक एक्शन: एक तरफ पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं, तो दूसरी तरफ शातिर दरोगा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। डीसीपी वेस्ट कासिम आबिदी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीमें लगातार काम कर रही हैं। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले 5 पुलिसकर्मियों पर पहले ही गाज गिर चुकी है, जिन्हें सस्पेंड या जांच से हटाया गया है।
पीड़िता का डर: आरोपी दरोगा के खुले में घूमने से पीड़िता बेहद डरी हुई है। परिवार का कहना है कि आरोपी रसूखदार है और उसे पुलिस का संरक्षण मिल रहा है, इसलिए उनकी जान को खतरा है।











