वाराणसी में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख की चरस के साथ गाजीपुर का तस्कर गिरफ्तार

मो0 सलीम
वाराणसी: उत्तर प्रदेश की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एएनटीएफ यूनिट वाराणसी और एएनटीएफ थाना गाजीपुर की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक सक्रिय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 01 किलो 445 ग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सुहेल अहमद खां पुत्र एतेशाम अहमद खां के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले के थाना जमानियां अंतर्गत सुभान टोली कस्बे का निवासी है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त सुहेल अहमद खां ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह अपने शौक पूरे करने के लिए नशे के इस अवैध कारोबार में उतरा था। वह देवरिया जनपद के एक व्यक्ति से अवैध चरस खरीदता था और उसे आस-पास के जनपदों में ऊंचे दामों पर बेच देता था। गिरफ्तारी के वक्त वह बरामद चरस को लेकर जनपद प्रयागराज जा रहा था, लेकिन बीच रास्ते में ही पुलिस की सतर्कता के कारण पकड़ा गया। इस सफल ऑपरेशन में एएनटीएफ यूनिट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रनाथ सिंह, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार त्रिपाठी और थाना राजातालाब की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।











