वाराणसी: आलीशान मकान बेचने के नाम पर 6 करोड़ की सनसनीखेज धोखाधड़ी; दालमंडी के ‘विक्की’ समेत तीन पर जैतपुरा थाने में FIR दर्ज
वाराणसी: मकान बेचने के नाम पर 6 करोड़ की ठगी! जैतपुरा पुलिस ने दालमंडी निवासी मिर्ज़ा हारून बेग उर्फ विक्की समेत तीन पर दर्ज किया मुकदमा। रुपया लेकर किसी और को बेच दिया मकान। पढ़ें PNN24 की विशेष रिपोर्ट।
मो0 सलीम
वाराणसी: धर्म की नगरी काशी में जमीन और मकान के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जैतपुरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को मकान बेचने का झांसा देकर 6 करोड़ रुपये हड़प लिए गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दालमंडी के चर्चित मिर्ज़ा हारून बेग उर्फ विक्की सहित तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला? जैतपुरा के क़ाज़ी सादुल्लापूरा निवासी महताब आलम ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि मिर्ज़ापुर के बिलकिस विला (39 पीएसी कैम्प गेट नंबर तीन) निवासी इमरान खान और उसकी पत्नी जीना खानम ने उनसे संपर्क किया था। दंपति ने जैतपुरा के क़ाज़ी सादुल्लाहपूरा स्थित एक मकान को अपना बताकर उसे बेचने का सौदा किया।
बैंक खाते में ट्रांसफर हुए 6 करोड़ भरोसे में आकर महताब आलम ने मकान खरीदने के लिए तयशुदा रकम 6 करोड़ रुपये दालमंडी निवासी मिर्ज़ा हारून बेग उर्फ विक्की के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। महताब को उम्मीद थी कि जल्द ही मकान की रजिस्ट्री उनके नाम कर दी जाएगी।
धोखाधड़ी का ऐसे हुआ खुलासा रुपये देने के बाद जब महताब आलम ने रजिस्ट्री ऑफिस (निबंधन कार्यालय) से जानकारी जुटाई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि इमरान खान और उसकी पत्नी जीना खानम ने वह मकान 26 दिसंबर को ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम बेच दिया है। ठगी का अहसास होने पर महताब ने पुलिस की शरण ली।
पुलिसिया कार्रवाई जैतपुरा पुलिस ने महताब आलम की तहरीर पर इमरान खान, जीना खानम और मिर्ज़ा हारून बेग उर्फ विक्की के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन और रजिस्ट्री के कागजातों की बारीकी से विवेचना कर रही है।











