वाराणसी: ‘सालसा कैफे’ हुक्का बार विवाद में भवन स्वामी सुभाष सिंह ने कहा ‘अगर किराएदारी के नियमों का उलंघन हुआ है तो सख्त कानूनी कार्यवाई करेगे, रेस्टुरेंट हेतु किराय पर दी थी जगह’
वाराणसी के 'सालसा कैफे' हुक्का बार मामले में भवन स्वामी सुभाष सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने जगह रेस्टोरेंट के लिए किराए पर दी थी। नियमों के उल्लंघन पर वे संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

तारिक आज़मी
वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज में संचालित ‘सालसा कैफे’ में हुक्का बार की गतिविधियों की खबर सामने आने के बाद, अब भवन स्वामी और भाजपा के पूर्व पदाधिकारी सुभाष सिंह का आधिकारिक पक्ष सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि किराएदारी के नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो वह सख्त कानूनी कदम उठाएंगे।
‘रेस्टोरेंट के लिए दिया था, किराया शर्तो के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई’
भवन स्वामी सुभाष सिंह ने इस पूरे प्रकरण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने उक्त परिसर को पूरी तरह से लीगल एग्रीमेंट के तहत रेस्टोरेंट चलाने के लिए किराए पर दिया था। उन्होंने कहा:
“मैं कभी मौके पर जाकर जांच नहीं करता था, लेकिन मामला मीडिया के माध्यम से मेरे संज्ञान में आया है। मैं खुद इस पूरे प्रकरण की जांच करूँगा और यदि एग्रीमेंट की शर्तों का उल्लंघन पाया गया, तो एग्रीमेंट होल्डर के खिलाफ उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।”
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि पुलिस इस मामले में कोई जांच करती है, तो वह प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।
राजनैतिक साजिश का लगाया आरोप
चूंकि सुभाष सिंह भाजपा से जुड़े रहे हैं, उन्होंने इस विवाद को राजनैतिक रंग देने की कोशिशों पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि उनके विरुद्ध जो भी बातें फैलाई जा रही हैं, वह राजनैतिक शत्रुता का हिस्सा हैं। गंदी मानसिकता वाले लोग उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
कैफे संचालक हुआ फरार?
कल खबर प्रकाशित होने के बाद से ही कैफे संचालक, गौरीगंज निवासी जिलानी, का मोबाइल बंद बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आज कैफे पर ताला लटका रहा और वहां कोई गतिविधि नहीं देखी गई। काउंटर के पीछे वाले गुप्त दरवाजे के सवाल पर सुभाष सिंह ने बताया कि वह दरवाजा पहले इस्तेमाल होता था जिसे अंदर से बंद कर दिया गया था। यदि उसका गलत इस्तेमाल हुआ है, तो इसकी जिम्मेदारी संचालक की होगी।











