लखनऊ में सियासी उबाल: ओपी राजभर का पुतला फूंकने सड़कों पर उतरीं सपा महिला कार्यकर्ता, पुलिस से तीखी झड़प

लखनऊ में अखिलेश यादव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सपा महिला प्रकोष्ठ ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई और कई महिलाओं को हिरासत में लिया गया।

शफी उस्मानी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर लखनऊ की सड़कों पर आज जमकर बवाल हुआ। सपा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और किन्नर समाज के लोगों ने ओपी राजभर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनका पुतला फूंका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी छीना-झपटी भी देखने को मिली।

अखिलेश यादव पर टिप्पणी से भड़का आक्रोश

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने राजनीतिक मर्यादाओं को लांघकर अखिलेश यादव के व्यक्तिगत आचरण और चरित्र पर हमला किया है। सपा कार्यकर्ताओं के मुताबिक, यह बयान राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

‘राजभर समाज का नेता नहीं, वोट बेचने वाला है’

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही सपा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने ओम प्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राजभर समाज को संबोधित करते हुए कहा:

​”मैं अपने राजभर भाइयों को बता देना चाहती हूं कि यह (ओपी राजभर) राजभर समाज का नेता नहीं, बल्कि वोट बेचने वाला है। हमारे नेता अखिलेश यादव पर अगर इसके बाद भी कोई गलत टिप्पणी की गई, तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।”

2027 चुनाव को लेकर हुंकार और पुलिसिया कार्रवाई

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। एक महिला प्रदर्शनकारी ने कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं की आवाज दबाने का काम करती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनेगी और वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लखनऊ से गोरखपुर वापस भेज देंगे।

शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, लेकिन जैसे ही कार्यकर्ताओं ने ओपी राजभर का पुतला जलाने की कोशिश की, वहां तैनात पुलिस बल सक्रिय हो गया। पुतले को छीनने को लेकर पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और छीना-झपटी होती रही। माहौल तनावपूर्ण होता देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारी महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश का सियासी पारा और चढ़ गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग अब सड़कों पर टकराव का रूप ले चुकी है।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *