वाराणसी: ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी, 15 लाख के अवैध गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी की लोहता पुलिस और एसओजी टीम ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत 15 लाख रुपये मूल्य के 54.160 किलो अवैध गांजे के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो ट्रक में केबिन बनाकर तस्करी कर रहा था।

मो0 सलीम

वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी की लोहता पुलिस और एसओजी (SOG) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत चेकिंग के दौरान एक मालवाहक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक शातिर अंतरराज्यीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।

हरहुआ की तरफ से आ रहे ट्रक से बरामदगी

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 19 मई 2026 को थाना लोहता प्रभारी और एसओजी टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरहुआ की तरफ से एक मालवाहक ट्रक तेजी से आता हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने ट्रक को रोककर उसकी सघन तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर बने विशेष केबिन (डिवाइडर) से 54.160 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को जब्त कर लिया।

ट्रक के सीक्रेट केबिन में छिपाया था गांजा

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वकील बिन्द (उम्र 29 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम बिन्द, निवासी ग्राम रंगपुर, थाना दरिगांव, जनपद रोहतास, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुबूल किया कि वह दूसरे राज्यों से कम दामों में गांजा खरीदकर लाता था। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए उसने ट्रक के आगे के हिस्से में एक गुप्त डिवाइडर/केबिन बना रखा था, जिसमें वह गांजा छिपाता था। इस खेप को वह स्थानीय बाजारों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में था। आरोपी ने बताया कि वह इस बार बिहार से प्रयागराज की तरफ फल लेने के बहाने जा रहा था ताकि किसी को शक न हो।

अभियुक्त का विवरण और बरामदगी:

  • गिरफ्तार तस्कर: वकील बिन्द (29 वर्ष), निवासी- रोहतास, बिहार।
  • बरामदगी: 54.160 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 15 लाख रुपये)।
  • वाहन: तस्करी में इस्तेमाल हो रहा 1 अदद मालवाहक ट्रक।
  • नकदी: 580 रुपये नगद।
  • स्थान व समय: सभईपुर अंडरपास के पास, थाना लोहता क्षेत्र, समय करीब शाम 04:50 बजे (दिनांक: 19.05.2026)।

ओडिशा में भी दर्ज है आपराधिक इतिहास

​पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अंतरराज्यीय तस्कर है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इससे पहले ओडिशा राज्य के अठामलिक (अंगुल जनपद) में भी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके अन्य राज्यों के आपराधिक इतिहास और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की कुंडली खंगाल रही है। लोहता पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0- 0162/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:

इस कार्य को अंजाम देने वाली टीम में लोहता थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय, वरिष्ठ उप-निरीक्षक राज दर्पण तिवारी, उप-निरीक्षक मो० परवेज, योगेन्द्र कुमार, ऋतुराज मिश्रा, कौशल कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विकल्प राय, सत्यप्रकाश सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार, ऋषिकेश राय और SOG प्रभारी गौरव कुमार सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *