वाराणसी: शिवपुर में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से युवक की मौत, मौत ने छीन लिया परिवार का इकलौता सहारा
वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र के तरना गणेशपुर में तालाब में डूबने से 38 वर्षीय सुरेंद्र पटेल की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ईदुल अमीन
वाराणसी (शिवपुर): स्थानीय थाना क्षेत्र के तरना गणेशपुर गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब गांव के ही एक पोखरे (तालाब) में नहाने गए 38 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
रात के अंधेरे के कारण नहीं बच सकी जान
जानकारी के अनुसार, तरना गणेशपुर निवासी सुरेंद्र पटेल (उम्र 38 वर्ष) गांव के ही पोखरे में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन रात का अंधेरा होने के कारण लोग उसे समय रहते ढूंढ नहीं पाए और गहरे पानी में दम घुटने से सुरेंद्र की मौत हो गई।
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था सुरेंद्र
मृतक पेशे से मजदूर था और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है। सुरेंद्र के अचानक चले जाने से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और परिवार के सामने अब आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, युवक को शराब पीने की भी लत थी, जो इस हादसे की एक वजह हो सकती है।
पुलिसिया कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से देर रात शव को पोखरे से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।










