लखीमपुर खीरी में दिल दहला देने वाला हादसा: इंडक्शन पर दूध गर्म करते समय पत्नी को करंट से तड़पता देख बचाने दौड़ा पति, दोनों की दर्दनाक मौत
लखीमपुर खीरी के जगदेवपुर गांव में इंडक्शन पर दूध गर्म करते समय करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत। पत्नी को तड़पता देख बचाने दौड़े पति ने भी गंवाई जान। पूरे इलाके में मातम।

फारुख हुसैन
लखीमपुर खीरी (भीरा): उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ भीरा कोतवाली क्षेत्र के जगदेवपुर गांव में करंट की चपेट में आने से एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में उजड़ गया। घर में इंडक्शन पर दूध गर्म करते समय अचानक करंट उतरा, जिसने पहले पत्नी को अपनी चपेट में लिया। पत्नी को तड़पता देख उन्हें बचाने दौड़े पति की भी करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के वक्त घर में कोई तीसरा सदस्य मौजूद नहीं था, जिसके कारण उन्हें समय पर कोई मदद नहीं मिल सकी।
इन्वर्टर का तार जोड़ते समय उतरा करंट
मृतकों की पहचान 56 वर्षीय शौखीन सिंह और उनकी 53 वर्षीय पत्नी सर्वजीत कौर के रूप में हुई है, जो घर पर अकेले रहते थे। मंगलवार को रोजमर्रा की तरह घर का काम चल रहा था और इंडक्शन पर दूध गर्म किया जा रहा था। इसी दौरान सर्वजीत कौर इन्वर्टर के पास लगे पंखे के तार को जोड़ रही थीं, तभी अचानक पूरे सिस्टम में तेज करंट उतर आया और वह फर्श पर गिरकर तड़पने लगीं। पत्नी को इस हालत में देख शौखीन सिंह घबरा गए और बिना सोचे-समझे उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन दुर्भाग्य से बिजली के तेज झटके ने उन्हें भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
खिड़की से झांका तो सामने आया खौफनाक मंजर
इस भयानक घटना का खुलासा तब हुआ जब खेत में काम करने वाले राजेश सिंह अपना ट्रैक्टर लेकर उनके घर पहुंचे। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो पास में ही रहने वाले शौखीन सिंह के छोटे भाई की बेटी ने खिड़की से अंदर झांककर देखा। अंदर दोनों फर्श पर बेसुध पड़े थे और बीच में पंखा रखा हुआ था। यह देखते ही चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में दोनों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटी के दिल्ली से आने का इंतजार, गांव में पसरा मातम
पुलिस का बयान: घटना की सूचना मिलते ही भीरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच के अनुसार, इन्वर्टर से पंखे में हुए शॉर्ट सर्किट और करंट की वजह से यह हादसा हुआ है।
मृतक दंपती की इकलौती बेटी राजवीर कौर दिल्ली में ब्याही हैं, जिन्हें इस हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने शवों को सुरक्षित रखने के लिए डेड बॉडी फ्रीजर की व्यवस्था की है, ताकि बेटी के दिल्ली से लौटने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जा सके। इस दुखद घटना के बाद से पूरे जगदेवपुर गांव में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।











