लोहता: चंदापुर बड़ी मस्जिद के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस
चंदापुर स्थित बड़ी मस्जिद के पास रविवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की नजर जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोहता पुलिस को दी।

मो0 सलीम
वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंदापुर स्थित बड़ी मस्जिद के पास रविवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की नजर जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोहता पुलिस को दी।
मौके पर पहुँची पुलिस, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही लोहता पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। अचेत पड़े करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास के लोगों को बुलाया गया, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रथम दृष्टया देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि व्यक्ति नशे का आदी था।
पुलिस को मौके पर ही उसके मृत होने का अंदेशा हो गया था, लेकिन पूरी तरह आश्वस्त होने और कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने 108 एम्बुलेंस बुलाकर उसे नजदीकी अस्पताल भिजवाया। वहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
लोहता पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है। पुलिस सोशल मीडिया और आस-पास के थानों के जरिए मृतक की पहचान स्थापित करने के प्रयास में जुटी हुई है।












