डोनाल्ड ट्रंप की कमाई का बड़ा खुलासा: रियल एस्टेट छूटा पीछे, क्रिप्टोकरेंसी से कमाए 1 अरब डॉलर से अधिक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 2025 के वित्तीय खुलासे से मंचा हड़कंप। ट्रंप ने पिछले साल क्रिप्टोकरेंसी बिजनेस से 1 अरब डॉलर से अधिक की रिकॉर्ड कमाई की है। जानिए ट्रंप मीम कॉइन, रियल एस्टेट और मेलानिया ट्रंप की कमाई के चौंकाने वाले आंकड़े PNN24 न्यूज़ पर।

आदिल अहमद
डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2025 के लिए अपनी अनिवार्य वित्तीय घोषणा (Financial Disclosure) सार्वजनिक कर दी है। 927 पन्नों के इस विशालकाय दस्तावेज़ में जो आंकड़े सामने आए हैं, उन्होंने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। अपनी रियल एस्टेट बादशाहत के लिए मशहूर रहे ट्रंप ने पिछले साल क्रिप्टोकरेंसी (Crypto) से जुड़े कारोबार से 1 अरब (100 करोड़) डॉलर से अधिक की बंपर कमाई की है।

मीम कॉइन और फैमिली बिजनेस से हुई पैसों की बारिश
वित्तीय घोषणा के मुताबिक, ट्रंप की इस भारी-भरकम कमाई के पीछे दो मुख्य क्रिप्टो प्रोजेक्ट्स रहे:
- ट्रंप मीम कॉइन (Trump Meme Coin): ट्रंप के राष्ट्रपति पद संभालने से ठीक कुछ दिन पहले लॉन्च किए गए इस कॉइन से उन्हें 63.5 करोड़ डॉलर की मोटी रॉयल्टी मिली। हालांकि, लॉन्चिंग के बाद इस कॉइन की कीमत में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
- वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल (World Liberty Financial): इस क्रिप्टो कंपनी से ट्रंप को 50 करोड़ डॉलर से ज्यादा की आय हुई। दिलचस्प बात यह है कि इस कंपनी की स्थापना ट्रंप के बेटों और उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ के बच्चों ने मिलकर की थी।
रियल एस्टेट और ‘ट्रंप ब्रांड’ का जलवा बरकरार
भले ही क्रिप्टो ने इस बार ट्रंप को सबसे ज्यादा अमीर बनाया हो, लेकिन उनके पारंपरिक रियल एस्टेट और गोल्फ बिजनेस ने भी करोड़ों डॉलर की कमाई की है:
- डोरेल गोल्फ क्लब (फ्लोरिडा): $12.2 करोड़ की कमाई।
- मार-ए-लागो क्लब (फ्लोरिडा): $7.7 करोड़ की आय।
- बेडमिंस्टर, जुपिटर और टर्नबेरी गोल्फ क्लब: प्रत्येक से $3 करोड़ से अधिक।
- ट्रंप ब्रांडेड सामान: ट्रंप ब्रांड की घड़ियों की रॉयल्टी से $47 लाख मिले। इसके अलावा उनके नाम पर बिकने वाली बाइबल, जूते, परफ्यूम और गिटार से भी करोड़ों की कमाई हुई।
इसके साथ ही, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने भी अपनी डॉक्यूमेंट्री के लाइसेंस सौदे से $1.07 करोड़ और एनएफटी (NFT) की बिक्री से $60 लाख की कमाई घोषित की है।
टेक कंपनियों के साथ कानूनी समझौतों से मिले $8.65 करोड़
ट्रंप को विभिन्न टेक और मीडिया दिग्गजों के साथ हुए कानूनी मुकदमों के सेटलमेंट (समझौतों) से भी भारी रकम मिली है। इसमें मेटा (Meta) से $2.45 करोड़, यूट्यूब (YouTube) से $2.2 करोड़, एबीसी (ABC) और सीबीएस (CBS) से 1.6-1.6 करोड़ डॉलर और एक्स (X – ट्विटर) से $80 लाख शामिल हैं। व्हाइट हाउस का कहना है कि इस राशि का बड़ा हिस्सा राष्ट्रपति पुस्तकालय और पार्कों के रखरखाव के लिए एक गैर-लाभकारी संस्था को दिया जाएगा।
‘हितों का टकराव’ या अमेरिकी हित? छिड़ी बहस
ट्रंप की इस कमाई ने अमेरिका में एक नई नैतिक बहस को जन्म दे दिया है। जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल में व्हाइट हाउस के मुख्य नैतिकता वकील रहे रिचर्ड पेंटर ने कहा:
“ट्रंप का क्रिप्टो से 1 अरब डॉलर कमाना बिल्कुल असाधारण और सीधे तौर पर हितों का टकराव (Conflict of Interest) है।”
एक्सपर्ट्स का कहना है कि जिमी कार्टर जैसे पूर्व राष्ट्रपतियों ने पद संभालने से पहले अपने मूंगफली के खेतों तक को ‘ब्लाइंड ट्रस्ट’ में डाल दिया था, लेकिन ट्रंप का तरीका बिल्कुल अलग है।
व्हाइट हाउस की सफाई: दूसरी तरफ, व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को खारिज किया है। उप प्रेस सचिव एना केली ने कहा कि ट्रंप ने अपने कारोबार को एक ट्रस्ट में रखा है जिसे उनके बेटे संभालते हैं। उन्होंने गर्व से कहा कि ट्रंप ने अमेरिका को “दुनिया की क्रिप्टो राजधानी” बनाया है और उनका हर फैसला अमेरिकी जनता के हित में होता है। खुद ट्रंप भी कह चुके हैं कि उन पर संघीय स्तर के हितों के टकराव के कानून लागू नहीं होते।
‘स्कैम’ से ‘क्रिप्टो किंग’ बनने का सफर
यह वही डोनाल्ड ट्रंप हैं जिन्होंने 2021 में बिटकॉइन को “धोखाधड़ी (स्कैम)” और “भविष्य की आपदा” कहा था। लेकिन 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अपना रुख पूरी तरह बदल लिया। व्हाइट हाउस लौटने के बाद उन्होंने क्रिप्टो उद्योग के समर्थन में कार्यकारी आदेश जारी किए और अप्रैल 2025 में एसईसी (SEC) के प्रमुख के रूप में क्रिप्टो-समर्थक पॉल एटकिंस को नियुक्त किया। इसके बाद जुलाई 2025 में उन्होंने अमेरिका को डिजिटल एसेट्स का लीडर बनाने के लिए ‘जीनियस एक्ट’ पर भी हस्ताक्षर किए।
कुल संपत्ति में भारी उछाल: इस कमाई के बाद ट्रंप की कुल संपत्ति में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। फोर्ब्स के अनुसार, ट्रंप की कुल संपत्ति अब 6 अरब डॉलर (2024 में 2.3 अरब डॉलर थी) हो चुकी है, जबकि ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स इसे 7.6 अरब डॉलर आंकता है।










