‘NEET पेपर लीक पर राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तीखा प्रहार: कहा— “छात्रों को सच्चाई और न्याय दे सरकार, मांगे माफी”; तमिलनाडु के पीड़ित परिवारों से की मुलाकात’
नीट पेपर लीक मामले में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पीएम मोदी पर बड़ा हमला! तमिलनाडु दौरे का वीडियो शेयर कर राहुल गांधी ने कहा— "सरकार को माफी मांगने के साथ छात्रों को सच्चाई और न्याय देना चाहिए"। बेईमान व्यवस्था की कीमत मेहनती छात्र क्यों चुकाएं? पढ़ें PNN24 की विशेष रिपोर्ट।

तारिक खान
नई दिल्ली (PNN24 News): नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक, अनियमताओं और परीक्षा रद्द होने के बाद देश भर में उपजे आक्रोश के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

📱 “माफ करने की बात नहीं, न्याय देने की जरूरत”— राहुल गांधी
सोशल मीडिया पर तमिलनाडु दौरे का वीडियो साझा करते हुए राहुल गांधी ने लिखा:
“प्रधानमंत्री मोदी छात्रों को ‘माफ करने’ की बात करते हैं, लेकिन असल में सरकार को छात्रों को सच्चाई और न्याय देना चाहिए, साथ ही उनसे माफी मांगनी चाहिए। छात्रों के भविष्य से जुड़े ऐसे गंभीर मामलों में जवाबदेही तय करना और उन्हें न्याय दिलाना बेहद जरूरी है।”
💔 तमिलनाडु में नीट पीड़ितों के परिवारों से की मुलाकात
राहुल गांधी ने अपने तमिलनाडु दौरे के दौरान नीट पेपर लीक विवाद और परीक्षा रद्द होने से आहत होकर आत्महत्या करने वाले मेडिकल अभ्यर्थियों (NEET Aspirants) के शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की।
मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए उन्होंने कहा कि हर पीड़ित परिवार के सामने एक ही दर्द भरा सवाल है— “आखिर एक बेईमान और भ्रष्ट व्यवस्था की कीमत देश के ईमानदार और मेहनती छात्रों को क्यों चुकानी पड़े?”
🏛️ नीट धांधली पर संसद से सड़क तक संग्राम जारी
उल्लेखनीय है कि नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा में हुई गड़बड़ियों, पेपर लीक के दावों और छात्रों के विरोध को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को कटघरे में खड़ा कर रहा है। राहुल गांधी इससे पहले भी संसद में और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए छात्रों की आवाज उठाते रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच व सख्त कानूनों की मांग कर चुके हैं।











