जंतर-मंतर मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई; पॉडकास्ट में सिर फोड़ने का दावा करने वाला स्वतंत्र भारद्वाज बुलंदशहर से गिरफ्तार, SC-ST एक्ट दर्ज; चिराग पासवान बोले— “मेरे नाम का गलत इस्तेमाल किया”‘
जंतर-मंतर पर मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर SC-ST एक्ट भी लगाया गया है। आजाद समाज पार्टी और CJP के विरोध-प्रदर्शन तथा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान व राहुल गांधी के बयानों पर पढ़िए PNN24 की पूरी रिपोर्ट।

गौरव जैन
नई दिल्ली (PNN24 News): दिल्ली के चर्चित जंतर-मंतर मारपीट मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमों ने दोपहर से ही बुलंदशहर में डेरा डाल रखा था। पुलिस ने जहां 72 घंटे का आश्वासन दिया था, वहीं महज 4 घंटे के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया।

🎙️ पॉडकास्ट में जुर्म कबूलने के बाद बढ़ा विवाद
यह पूरा मामला तब गरमाया जब स्वतंत्र भारद्वाज ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान सार्वजनिक रूप से दावा किया कि उसने एक लड़की के पिता का ‘सिर फोड़ दिया था’। इस कबूलनामे का वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता निशु आजाद, सांसद चंद्रशेखर आजाद और CJP (सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस) के प्रतिनिधियों के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचीं और एफआईआर दर्ज कराई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीजेपी और आजाद समाज पार्टी के समर्थकों ने संसद मार्ग थाने का घेराव भी किया था।
🏛️ चिराग पासवान का बयान और राहुल गांधी का समर्थन
- चिराग पासवान ने दर्ज कराई शिकायत: आरोपी ने कार्रवाई से बचने के लिए चिराग पासवान और कपिल मिश्रा जैसे बड़े नेताओं को अपना ‘बड़ा भाई’ बताया था। इस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “आरोपी ने मेरे नाम का गलत इस्तेमाल किया है। मैंने खुद इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है और दिल्ली पुलिस से आग्रह किया है कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जाए।”
- राहुल गांधी का ट्वीट: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया के जरिए निशु आजाद की मदद करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद निशु ने ट्वीट कर राहुल गांधी के प्रति आभार जताया।











