Others States

उदयपुर के आदिवासी स्कूल में मिड-डे मील के गेहूं में मिले कीड़े और इल्लियां; आशुतोष रांका का भजनलाल सरकार पर तीखा हमला’

आफताब फारुकी

उदयपुर/जयपुर (PNN24 News): राजस्थान के उदयपुर जिले से सरकारी स्कूलों की व्यवस्था और नौनिहालों की सेहत से खिलवाड़ करने वाली एक शर्मनाक और गंभीर तस्वीर सामने आई है। जिले के खेरवाड़ा ब्लॉक अंतर्गत देलवाड़ा-काली घाटी स्थित सरकारी स्कूल में बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील (Mid-Day Meal) के गेहूं और अनाज में कीड़े व इल्लियां बिलबिलाती पाई गई हैं।

शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद क्षेत्र के अभिभावकों और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

📹 लाइव वीडियो बनाकर दिखाए कीड़े, पूछा— “क्या अपने बच्चों को खिलाओगे ऐसा भोजन?”

निरीक्षण के दौरान जब स्कूल के स्टोर रूम में रखे गेहूं के कट्टों और बने हुए दलिये की जांच की गई, तो उसमें बड़े पैमाने पर मरे हुए और जिंदा कीड़े मिले। रसोईघर की हालत भी बेहद बदहाल पाई गई।

आशुतोष रांका ने मौके से लाइव वीडियो जारी करते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और प्रशासन को सीधे कटघरे में खड़ा किया:

“यह भोजन खिलाएंगे मदन दिलावर अपने बच्चों को? इसमें कीड़े मरे हुए हैं… क्या आप अपने बच्चों को यह खिलाओगे? एक तरफ सरकार शिक्षा में सुधार और पोषण के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के मासूम बच्चों को ज़हरनुमा और कीड़े वाला अनाज परोसा जा रहा है।”

लाइव वीडियो में सिर्फ गेहूं ही नहीं, बल्कि आटा खुले में पड़ा मिला, आलू-प्याज फर्श पर सड़ रहे थे और चावल में कंकर-कचरा मिला पाया गया।

📢 #SchoolTheekKaro अभियान के तहत की सख्त कार्रवाई की मांग

आशुतोष रांका ने सवाल उठाया कि अगर दूषित भोजन खाने से कोई मासूम बच्चा बीमार पड़ जाता है या किसी अनहोनी का शिकार होता है, तो उसकी जवाबदेही किसकी होगी?

उन्होंने अपने #SchoolTheekKaro अभियान के तहत सरकार से निम्नलिखित मांगें रखीं:

  1. उदयपुर संभाग और जिले के सभी सरकारी स्कूलों के राशन स्टॉक की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए।
  2. घटिया व कीड़े युक्त अनाज की सप्लाई करने वाले ठेकेदार (सप्लायर) को तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाए।
  3. संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य (Headmaster) और मिड-डे मील प्रभारी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हो।

बढ़ता जनाक्रोश और शिक्षा विभाग का पक्ष

उदयपुर का यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और यहां पहले भी मिड-डे मील की घटिया गुणवत्ता को लेकर शिकायतें आती रही हैं। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी रोष है।

मामला तूल पकड़ने के बाद जिला शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने घटना का संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच टीम गठित करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts