उफनती पुलिया पार करते समय पानी में डूबी स्कूल वैन! ग्रामीणों की सूझबूझ और देवदूत बने रामू कश्यप ने बचाई मासूमों की जान’
लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी-पसगवां मार्ग पर बड़ा हादसा टला! उफनती पुलिया पार करते समय पानी में डूबी यूडी चिल्ड्रेन्स एकेडमी की स्कूल वैन। ग्रामीण रामू कश्यप ने अदम्य साहस दिखाते हुए पानी में फंसे 3 मासूमों और चालक को सुरक्षित निकाला। पसगवां पुलिस ने चालक की लापरवाही पर लिया एक्शन, जानिए PNN24 की ग्राउंड रिपोर्ट।

फारुख हुसैन
लखीमपुर खीरी (PNN24 News): उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी-पसगवां मार्ग पर शनिवार की सुबह एक बड़ा और भयावह हादसा होते-होते बाल-बाल टल गया। उफनते नाले की पुलिया (छोहा) को पार करने के चक्कर में ‘यूडी चिल्ड्रेन्स एकेडमी’ की एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर गहरे पानी में डूब गई। हादसे के समय वैन में चालक सहित तीन मासूम बच्चे सवार थे।

🦸♂️ ग्रामीणों के अदम्य साहस से बची जान: रामू कश्यप बने देवदूत
हादसे को अपनी आंखों से देखते ही मुल्लापुर निवासी सत्यपाल उर्फ रामू कश्यप ने अपनी जान की परवाह किए बिना अदम्य साहस और त्वरित सूझबूझ का परिचय दिया। रामू कश्यप तुरंत उफनते पानी में कूद पड़े और वैन का दरवाजा खोलकर उसमें फंसे रोते-बिलखते बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों के तत्परता और सहयोग से चालक को भी पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते मिले इस जीवनदान के चलते कोई अनहोनी नहीं हुई और सभी बच्चे पूरी तरह सकुशल हैं।
😡 चालक की लापरवाही पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश, SHO ने की पुष्टि
उफनते पानी और जलभराव के बावजूद जान जोखिम में डालकर वैन निकालने की चालक की इस घोर लापरवाही को लेकर स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्थानीय लोग तुरंत न पहुंचे होते, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ पसगवां जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया:
“चालक की गंभीर लापरवाही के कारण ही निजी स्कूल का वाहन अनियंत्रित होकर छोहा (उफनते नाले) में डूब गया था। ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित मदद से सभी बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। मामले में चालक की लापरवाही की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।”











