फारुख हुसैन
लखीमपुर खीरी: जिले के खीरी टाउन निवासी चर्चित शायर नफ़ीस वारसी का हिंदी में नया ग़ज़ल संग्रह ‘लफ़्ज़े-मोहब्बत’ सामने आया है। इस किताब को लेकर साहित्य प्रेमियों, जाने-माने शायरों और ग़ज़ल प्रेमियों में खुशनुमा माहौल दिखाई दे रहा है और वे उन्हें दिल से मुबारकबाद दे रहे हैं। नफ़ीस वारसी ने अपनी इस किताब को अपने उस्ताद-ए-मोहतरम जनाब डॉक्टर मोहम्मद शफ़ी सीतापुरी साहब को इंतेसाब (समर्पित) किया है।
बता दें कि रश्मि प्रकाशन (लखनऊ) द्वारा प्रकाशित यह ग़ज़ल संग्रह इन दिनों अपनी मकबूलियत को लेकर आसमान छूता नजर आ रहा है। वारसी साहब की ग़ज़लों में मोहब्बत, इंसानी जज़्बात, मुख़्तलिफ़ रंग, मुआशरा, नज़रिया-ए-हयात, गुरबत और सामाजिक ताल्लुकात जैसे मुद्दों को उठाकर एक-एक शेर कहा गया है। ऐसा ही एक ग़ज़ल का शेर है, जिसे वारसी साहब ने बहुत ही खूबसूरती से अपनी ग़ज़ल में शामिल किया है।
“बनाएं हम कहां अब घोंसला बोली यह गौरैया
तुम्हारे गांव में हमको कहीं छप्पर नहीं मिलते।”
यहाँ यह शेर अपने आप में काफी वज़्न रखता है। इस शेर में एक नन्हे परिंदे की उस दुखभरी दास्तां को बयां किया गया है, जो शायद बढ़ती आधुनिकता के बीच हमें अपनी कुछ जिम्मेदारियों का अहसास करवाती नजर आ रही है।
ऐसा ही एक शेर है, जो हालात-ए-हाज़रा को बयां कर रहा है।
वारसी साहब कहते हैं,
हर कोई घर से निकलते हुए अब डरता है, दौरे-हाज़िर के ये हालत गज़ब ढाए हैं।
वारसी साहब मोहब्बत और इश्क़ की मख़सूस बातें भी अपने शेर के हवाले से कहते हैं।
तुम यार पारसा हो तो बेशक़ हुआ करो
मुझसे किया था तुमने जो वादा वफा करो।
वारसी साहब की शायरी ने जो मुकाम हासिल किया है, यह शेर उसकी बुलंदियों को छूता नजर आ रहा है।
अपने होंठों से है विष पान किया शिव जी ने,
कंठ पर उनके नहीं यूं ही पड़े नीले दाग़।
कुछ इस तरह का ही एक शेर है:
“वो मुश्क-ओ-अम्बार सा महका करता है, जो तेरी कुर्बत में बैठा करता है… धरती भोली भाली है वो क्या जाने दिन भर सूरज किसका पीछा करता है।”
वहीं, कभी-कभी शायर शायरी में खोकर कुछ ऐसा शेर कह जाता है, जिसे खुद उसे भी पता नहीं चलता कि उसने कितना उम्दा शेर कह दिया है:
चंद रोटी के एवज़ चाहते हैं जिस्म हसीन,
कितना लाचार समझते हैं गरीबों को लोग।
ऐसे ही इस ग़ज़ल संग्रह में शामिल तमाम शेर अपने आप में बेहद संजीदा हैं और खुशनुमा माहौल के साथ-साथ दौरे-हाज़िर को भी बयां करते हैं। यही शायद एक मुकम्मल शायर की पहचान है। वारसी साहब अपनी शायरी को मुशायरों और कवि सम्मेलनों में शामिल होकर ग़ज़ल प्रेमियों तक पहुंचाने का भी बखूबी काम करते हैं। यही नहीं, वारसी साहब हिंदी साहित्य में भी अपनी एक खास पहचान रखते हैं।
गौरतलब है कि नफ़ीस वारसी अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर (MA) और बी.एड. हैं। वह अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी और उर्दू दोनों भाषाओं में लगातार लेखन कार्य करते हैं। वर्तमान में वह पलिया के बलदेव वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज में अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। उनका साहित्यिक सफर बेहद कामयाबी भरा रहा है।
इससे पूर्व वर्ष 2021 में उनका उर्दू कहानी संग्रह ‘टूटी हुई लड़ियां’ फखरुद्दीन अली अहमद मेमोरियल कमेटी के सरकारी अनुदान से प्रकाशित हुआ था, जिसे उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा वर्ष 2021 के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया था। इसके पहले, वर्ष 2024 में उनका ग़ज़ल संग्रह ‘गुफ़्तगू परिंदों की’ शाइअ ‘प्रकाशित’ हुआ।
उनकी रचनाएं देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्रों और पत्रिकाओं— जैसे अमर उजाला, दैनिक ट्रिब्यून, राष्ट्रीय सहारा, इंकलाब, सरिता और सरस सलिल—में नियमित रूप से प्रकाशित होती रही हैं। ‘लफ़्ज़े-मोहब्बत’ समकालीन ग़ज़ल की एक संवेदनशील और सार्थक आवाज़ बनकर उभरी है, जो पाठक को प्रेम के साथ मनुष्य होने का गहरा अर्थ भी समझाती है।
वहीं, नफ़ीस वारसी साहब के उस्ताद-ए-मोहतरम डॉ. मोहम्मद शफ़ी सीतापुरी ने भी किताब के प्रकाशित होने के बाद उन्हें दुआओं से नवाज़ा है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने नफ़ीस वारसी को जाना, उस वक्त नफ़ीस जो शेर कहते थे, उन्हें सुनकर उन्हें एहसास होता था कि नफ़ीस एक दिन शायरी के उस पायदान पर खड़े होंगे, जहाँ मकबूलियत उनके कदम चूमती नजर आएगी। आज वह मंजर सामने आ गया है।
उन्हें मुबारकबाद पेश करने वालों में फ़ारूख हुसैन पलियावी, मुकीम शादाब और रिदा पलियावी,डाक्टर एहराज़ अरमान, इलियास चिश्ती, उमर हनीफ़, आमिर रज़ा ‘पम्मी’ विद्यालय के प्रधानाचार्य कैप्टन डी.एल.भार्गव शामिल हैं।
मुस्कान अंसारी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में 13 वर्षों…
तारिक़ आज़मी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): आज 26 नवंबर है— भारतीय इतिहास और…
आदिल अहमद डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी…
तारिक खान डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): संविधान दिवस के अवसर पर आज (गुरुवार,…
रेयाज़ अहमद गाजीपुर (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद गाजीपुर के नन्दगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत…
गौरव जैन कांठ (मुरादाबाद) (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में…