एक रात में 12 बकरियां चोरी, कटैला और रामपुर जगन में चोरों का आतंक, 25 दिन बाद फिर वारदात से पशुपालकों में दहशत, पुलिस से कार्रवाई और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग
गीपुर थाना क्षेत्र के कटैला और रामपुर जगन गांव में बकरी चोरों की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों की नींद उड़ गई है। बीते रात अज्ञात चोरों ने तीन पशुपालकों के घरों को निशाना बनाकर एक साथ 12 बकरियां चोरी कर लीं।

रेयाज अहमद
जंगीपुर (गाजीपुर)। जंगीपुर थाना क्षेत्र के कटैला और रामपुर जगन गांव में बकरी चोरों की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों की नींद उड़ गई है। बीते रात अज्ञात चोरों ने तीन पशुपालकों के घरों को निशाना बनाकर एक साथ 12 बकरियां चोरी कर लीं। एक ही रात में हुई चोरी की इन घटनाओं से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कटैला निवासी फिरोज अहमद के घर का ताला तोड़कर चोर पांच बकरियां उठा ले गए। वहीं, इसी गांव के प्रद्युम्न पासवान की दो बकरियां और पड़ोसी गांव रामपुर जगन निवासी रामराज यादव की पांच बकरियां चोरी हो गईं। इस तरह तीन परिवारों को एक ही रात में बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि बकरियां गरीब और मेहनतकश परिवारों की जमा-पूंजी और आजीविका का अहम सहारा होती हैं। चोरों द्वारा बार-बार इन्हें निशाना बनाए जाने से पशुपालक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मामले को लेकर 30 अक्टूबर को थाना जंगीपुर प्रभारी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर प्राथमिकी दर्ज करने, पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं की भी जांच कराने, चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गई बकरियों की बरामदगी की मांग की गई है। साथ ही कटैला, रामपुर जगन सहित आसपास के गांवों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की अपील की गई है।
अब सवाल यह है कि आखिर कब तक ग्रामीणों की मेहनत की कमाई पर चोर हाथ साफ करते रहेंगे? पशुपालकों को राहत दिलाने के लिए पुलिस कब प्रभावी कदम उठाएगी?











