Varanasi

वाराणसी में ई-बस टिकट वसूली के खुलासे के बाद संविदा कर्मियों के शोषण की खुली परतें— पीएफ, ESIC कार्ड तक नही, ड्यूटी क्लर्क सौरभ सिंह पर “1 किलो फल के भोग” यानि रू0 100 के कथित घुस लेकर ड्यूटी देने का आरोप’

महविश कुरैशी संग मुस्कान अंसारी

वाराणसी (PNN24 News, 23 नवंबर 2026): वाराणसी में संचालित सरकारी इलेक्ट्रिक बस (ई-बस) सेवा में किराया वसूली और पर्सनल UPI के माध्यम से भुगतान लिए जाने से जुड़ी रिपोर्ट के प्रकाशन के बाद परिवहन व संचालन से जुड़े महकमे में खलबली मची हुई है। विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI) टीम की औचक व निरंतर जांच गतिविधियां तेज दिख रही हैं और मैदानी स्तर पर चालक-परिचालकों (ड्राइवर-कंडक्टर) में जांच को लेकर सतर्कता व दबाव स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है।

हालांकि, जहां एक ओर मार्गों पर तात्कालिक व सतही अनियमितताओं पर लगाम लगने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर विभागीय सूत्रों के माध्यम से संविदा कर्मियों की नियुक्ति, वेतन-भत्तों, भविष्य निधि (PF), कर्मचारी राज्य बीमा (ESIC) और दैनिक ड्यूटी आवंटन से जुड़ी कथित अनियमितताओं की एक नई और गंभीर तस्वीर सामने आई है। इन आरोपों की स्वतंत्र व आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग और कार्यदाई संस्थाओं के अभिलेखों की जांच से ही संभव है, लेकिन कर्मचारियों के हितों और पारदर्शिता के लिहाज से ये दावे कई बुनियादी प्रशासनिक सवाल खड़े करते हैं।

🏢 एचआर वंशिका से एसएस इंटरप्राइजेज तक सौरभ सिह की संदिग्ध भूमिका

सूत्रों से प्राप्त विवरण के अनुसार, वाराणसी में ई-बस संचालन से जुड़े मानव संसाधन व परिचालन संबंधी कार्य ठेका प्रणाली के माध्यम से संचालित होते रहे हैं:

  • वर्तमान कार्यदाई संस्था: वर्तमान में यह ठेका एसएस इंटरप्राइजेज के पास बताया जाता है, जो रायबरेली से संबद्ध संस्था बताई गई है, जिसके अंतर्गत कंडक्टर व संबंधित कर्मी कार्यरत हैं।
  • पूर्व कार्यदाई संस्था: इससे पूर्व लगभग 5 वर्षों तक यह दायित्व एचआर वंशिका नामक संस्था के पास रहा, जिसका संबंध लखनऊ से बताया गया है।
  • सिक्योरिटी मनी व नियुक्ति के दावे: सूत्रों का कहना है कि संस्था में रोजगार के लिए निर्धारित नियमों के तहत 30,000 रुपये की सिक्योरिटी मनी जमा कराने की व्यवस्था बताई जाती है, लेकिन सूत्रों का यह भी दावा है कि नियुक्ति प्रक्रिया में बिचौलियों के माध्यम से 1.50 लाख रुपये से 1.80 लाख रुपये तक की अवैध रकम लिए जाने की शिकायतें कर्मचारियों के बीच चर्चा में रही हैं।

📑 130 कर्मचारियों के PF और ESIC कार्ड पर गंभीर सवाल

सूत्रों के अनुसार, एचआर वंशिका के कार्यकाल में वाराणसी के लिए लगभग 130 कर्मचारियों की नियुक्ति किए जाने का उल्लेख मिलता है। आरोप है कि इनमें से बड़ी संख्या में कर्मियों की नियुक्ति व ड्यूटी प्रबंधन से जुड़े कार्यों में वाराणसी स्थित ड्यूटी क्लर्क सौरभ सिंह की भूमिका रही:

  • पीएफ व पीएफ नंबर का अभाव: सूत्रों का दावा है कि कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) से संबंधित जिम्मेदारियों का निर्वहन संबंधित स्तर पर सही ढंग से नहीं हुआ और पिछले पांच वर्षों में कई कर्मचारियों को न तो पीएफ की राशि का स्पष्ट हिसाब मिला और न ही पीएफ नंबर उपलब्ध कराया गया।
  • स्वास्थ्य सुरक्षा व ESIC कार्ड: कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए आवश्यक ESIC कार्ड भी अधिकतर कर्मियों को न मिलने की बात सूत्रों द्वारा कही गई है। यदि किसी संविदा कर्मी के वेतन से वैधानिक कटौतियां की जाती हैं या सामाजिक सुरक्षा के प्रावधान लागू होते हैं, तो उसका पारदर्शी लेखा-जोखा और कार्ड उपलब्ध कराना नियोक्ता व संबंधित निगरानी तंत्र की प्राथमिक जिम्मेदारी मानी जाती है।

📋 ‘ड्यूटी चार्ट’, ‘भोग’ और ‘फल’ के सौरभ सिंह के कथित कोड: कर्मचारियों की आय पर आर्थिक दबाव

विभागीय सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दैनिक ड्यूटी लगाने और बदलने की प्रक्रिया में कथित तौर पर सौरभ सिंह द्वारा अनियमित लेनदेन का तंत्र सक्रिय रहने का आरोप है:

  • ड्यूटी लगाने व काटने का कथित खेल: सूत्रों का दावा है कि प्रतिदिन लगभग 45 से 47 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। आरोप है कि ड्यूटी लगाने तथा यदि कोई कर्मी ड्यूटी कटवाता या बदलवाता है, तो उसके बदले में ड्यूटी क्लर्क सौरभ सिंह द्वारा अलग से रकम वसूली जाती है।
  • ‘भोग’ और ‘फल’ की शब्दावली: सूत्रों के मुताबिक, कथित वसूली के लिए ‘भोग’ तथा 100 रुपये के लिए ‘1 किलो फल’, 200 रुपये के लिए ‘2 किलो फल’ और 300 रुपये के लिए ‘3 किलो फल’ जैसी सांकेतिक भाषा का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया है। यह भी कहा गया है कि यह रकम सौरभ सीधे हाथ में लेने के बजाय एक निर्धारित स्थान या टेबल पर रखवाने की व्यवस्था किये है, जिसके आधार पर ड्यूटी चार्ट तैयार होता है।
  • कम वेतन में गुजर-बसर की चुनौती: सूत्रों का कहना है कि जिन संविदा कर्मियों का मासिक वेतन लगभग 8,500 से 8,600 रुपये के आसपास बताया जाता है, यदि उन्हें ड्यूटी के नाम पर महीने में औसतन 1,300 रुपये या उससे अधिक की राशि अलग से देनी पड़े, तो इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर सीधा और गंभीर असर पड़ता है। सूत्रों ने यह भी दावा किया कि संबंधित ड्यूटी क्लर्क की आय व जीवनशैली में समय के साथ आए बदलाव— शुरुआती दौर की दोपहिया से लेकर बाद में बुलेट और फिर ‘किया’ कार तक पहुंचने— को लेकर कर्मचारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। सूत्रों का दावा है कि सौरभ सिंह सिर्फ उपरी कमाई ही 5 हज़ार प्रतिदिन लेकर घर जाता है

❓ जवाबदेही के प्रमुख प्रश्न: पुरानी व्यवस्था नई एजेंसी में कैसे जारी?

इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने सबसे बड़ा सवाल प्रणाली की निरंतरता और निगरानी को लेकर उठाया है:

  1. जब पूर्व कार्यदाई संस्था के दौरान ही नियुक्ति, पीएफ, ईएसआईसी और ड्यूटी प्रबंधन को लेकर विवाद व असंतोष की बातें सामने आती रही हैं, तो नई कार्यदाई संस्था के आने के बाद भी वही व्यवस्था और वही चेहरे ड्यूटी चार्ट या संबंधित पटल पर कैसे बने रहते हैं?
  2. संविदा कर्मियों के पीएफ, ईएसआईसी और न्यूनतम/निर्धारित वेतन भुगतान की नियमित ऑडिट तथा सत्यापन व्यवस्था को कौन-सा प्रशासनिक या विभागीय तंत्र प्रभावी रूप से देख रहा है?
  3. रूट पर चल रही TI टीम की जांच के समानांतर क्या डिपो, ड्यूटी चार्ट और संविदा एजेंसी के अभिलेखों की भी स्वतंत्र जांच कराई जाएगी?

❓ अधिकारिक बयान की प्रतीक्षा

इस पुरे प्रकरण में अधिकारिक बयान के सम्बन्ध में हमारा प्रयास जारी है, महाप्रबंधक परशुराम पाण्डेय और ड्यूटी क्लर्क सौरभ सिंह के बयान आने के बाद उसको प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा, फिलहाल हमारी तफ्तीश जारी है

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts