National

नहीं रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव, पीएम नरेंद्र मोदी सहित तमाम सियासी शख्सियत ने ज़ाहिर किया शोक सन्देश

तारिक़ खान

डेस्क: जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव नहीं रहे। गुरुवार रात गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में उनका निधन हो गया। वह 75 साल के थे। सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी ने निधन की जानकारी दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली के छतरपुर स्थित उनके निवास स्थान पर रखा गया, जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट ने बयान जारी कर बताया कि शरद यादव को अचेत अवस्था में आपातकालीन वार्ड में लाया गया था। जांच के दौरान उनकी नाड़ी नहीं चल रही थी। उपचार के सभी प्रयास नाकाम रहे। रात 10:19 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

शरद यादव के दामाद राज कमल राव ने बताया कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ था, हम उन्हें अस्पताल ले गए। वहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्हें किडनी की समस्या थी और डायलिसिस पर थे। उनके पार्थिव शरीर को मध्य प्रदेश में उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। वही शरद यादव के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है। पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों ने ट्वीट कर शोक जताया है। पीएम मोदी ने दुःख जताते हुए ट्वीट कर कहा कि “शरद यादव के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे वर्षों में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ0 लोहिया के आदर्शों से बहुत प्रेरित थे। मैं हमेशा अपनी बातचीत को संजोकर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।“

वही कांग्रेस नेता राहुल गांधी शरद यादव के घर पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार को ढांढस बंधाया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि “मैंने शरद यादव से राजनीति के बारे में बहुत कुछ सीखा है, वह आज हमारे बीच नहीं रहे तो काफी दु:ख हो रहा है। उन्होंने कभी अपना सम्मान नहीं खोया, जबकि राजनीति में सम्मान खोना बहुत आसान होता है।“ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाजवादी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन से दुखी हूं। शरद यादव के साथ मेरा बहुत गहरा रिश्ता था। उनके निधन की खबर से स्तब्ध और दुखी हूं। वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनका निधन सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय है। उनकी आत्मा को शांति मिले।“

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने शरद यादव के निधन को भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने ट्वीट किया कि “उनके निधन पर उनके परिवार और अनुयायियों को संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।“ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “शरद यादव का हमारे बीच न रहना देश के सार्वजनिक जीवन के लिए अपूर्णिय क्षति है। पांच दशक लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने हमेशा जनता के मुद्दे और पिछड़ों के मुद्दे उठाए। समाजवादी पार्टी के मूल सिद्धांतों को अंतिम सांस तक वे आगे लेकर चलते रहें। आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ कर जो नेतृत्व निकला उसमें शरद यादव प्रमुख नेता थे। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवारजनों, समर्थकों, अनुयायियों को दुख सहन करने की शक्ति दे, ऐसी प्रार्थना करता हूं।“

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दिग्गज राजनेता के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि “पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं देश के बड़े वरिष्ठ नेता शरद यादव के निधन से मुझे गहरी वेदना की अनुभूति हुई है। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी उन्होंने काफी संघर्ष किया। उनके निधन से भारतीय राजनीति की एक प्रभावी आवाज खामोश हो गई है। शरद जी के साथ मेरा बड़ा लंबा और बेहद आत्मीय संबंध रहा है। स्वभाव से बेहद सरल और बेबाक शरदजी का निधन एक बड़ी क्षति है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम् शांति!”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि “देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के निधन से दुःखी हूं। एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर उन्होंने समानता की राजनीति को मजबूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएं। वही कांग्रेस पार्टी की ओर से ट्ववीट किया गया, “JDU के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं समर्थकों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें।“

राजद प्रमुख लालू यादव ने सिंगापुर से वीडियो जारी कर शरद यादव के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि “अभी सिंगापुर में रात्रि में के समय शरद भाई के जाने का दुखद समाचार मिला। बहुत बेबस महसूस कर रहा हूँ। आने से पहले मुलाक़ात हुई थी और कितना कुछ हमने सोचा था समाजवादी व सामाजिक न्याय की धारा के संदर्भ में। शरद भाई,,,,! ऐसे अलविदा नही कहना था। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!”

राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि समाजवाद की प्रबल आवाज आज शांत जरूर हुई है पर प्रेरणा बनकर हमारी स्मृतियों में सदा कौंधती रहेगी! आदरणीय शरद यादव को अश्रुपूरित भावभीनी श्रद्धांजलि। वही बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शरद यादव को श्रद्धांजलि दी। कहा कि आदरणीय अभिभावक शरद यादव जी को अश्रुपूर्ण भावभीनी श्रद्धांजलि। शत्-शत् नमन।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी ट्वीट कर शरद यादव को याद किया। उन्होंने लिखा “वरिष्ठ नेता शरद यादव जी को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। शरद जी मेरे अच्छे मित्र थे। वे संघर्षशील और गरीबों के हितों के लिए राजनीति करने वाले नेता थे, जयप्रकाश जी के नेतृत्व में इमरजेंसी के खिलाफ और उसके बाद जनता पार्टी में उनकी अहम भूमिका रही है।“

pnn24.in

Recent Posts

नही पहुच पाए अरविन्द केजरीवाल भाजपा मुख्यालय, चाक चौबंद रही भाजपा मुख्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था, मार्च को पुलिस ने आगे बढ़ने नहीं दिया’

आदिल अहमद डेस्क: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने…

4 hours ago