Categories: Crime

ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुयी बालक की मौत

संजय/यशपाल
मऊ। रानीपुर मां की डांट से बचने के लिए बाहर भागे सात वर्षीय बालक को तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। यह हृदय विदारक हादसा होते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और भाग रहे ट्रैक्टर चालक को दौड़ा कर पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज करते हुए चालक का चालान कर दिया। घटना रविवार की दोपहर हुई।

थाना क्षेत्र के भुसुवा गांव में रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे किसी बात को लेकर कुशहर चौहान के सात वर्षीय बेटे राधेश्याम को उसकी मां ने उसे डांटा। मां की और डांट के भय से बालक घर से निकलकर बाहर की ओर भागा। अभी वह अपने दरवाजे से आगे बढ़ा ही था, तभी मिट्टी लादकर तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर से टक्कर होते ही मासूम राधेश्याम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रैक्टर चालक भगवान चौहान को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। लोग दौड़कर कुशहर के दरवाजे पर पहुंच गए। मां का रोते-रोते बुरा हाल हो गया। गांव के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। थाने पहुंचे मृत बालक राधेश्याम के चाचा लौहर चौहान ने चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।
pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in
Tags: UP

Recent Posts