मथुरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अनिल कुमार यादव ने लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से पराविधिक स्वयं सेवकों के रूप में विधिक सेवा किये जाने का आव्हान किया। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रचलित बाल तस्करी, व्यवसायिक यौन कर्मी, मानसिक रूप से अस्वस्थ्य व्यक्ति, बालक, महिलायें, मादक पदार्थों का सेवन करने वालों, अनुसूचित जातियों तथा गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले व्यक्तियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रचलित 7 नवीन योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव यहां भरतपुर रोड के कोसीखुर्द स्थित जसबंत सिंह भदौरिया काॅलेज में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने बाल अधिकार, किशोर न्याय बोर्ड के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी और उपस्थित छात्राओं से आत्मसुरक्षा हेतु हेल्प लाइन नंबर-1090 एवं 100 पर सूचना दे सहायता लेने की खास अपील की।
आर्मी के कर्नल कामेश सेठ ने सभी उपस्थित जन का आभार व्यक्त किया और छात्राओं को आत्मसुरक्षा के उपाय बताये। अधिवक्ता गोविन्द वर्मा ने लीगल एड क्लीनिक तथा पराविधिक स्वयं सेवकों के माध्यम से दी जा रही विधिक सहायताओं का विवरण प्रस्तुत किया।
शिविर में भदौरिया ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमेन एच0के0 भदौरिया, एनसीसी से मेजर एनएस कटारा, मेजर आरके सोलंकी, कैप्टन एसपी सक्सेना, कैप्टन अखिलेश अग्रवाल, लेफ्टीनेन्ट नूतन कुमार, अतुल शर्मा व गोविन्द आदि उपस्थित रहे।