Categories: AllahabadCrime

वकील के हत्यारोपित फरार, तलाश में दबिश

कनिष्क गुप्ता

इलाहाबाद : अधिवक्ता लाल बचन सोनी के हत्यारोपित अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। कत्ल की साजिश रचने वाले और शूटरों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कई करीबियों व परिजनों को उठाकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि कातिलों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।

वहीं, दिनदहाड़े हुई हत्या के विरोध में वकीलों ने हड़ताल का एलान किया है। कचहरी और सोरांव तहसील में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अन्य तहसीलों में भी वकीलों ने कामकाज का बहिष्कार किया है। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी की अध्यक्षता में बैठक भी होनी है, जिसमें आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। वहीं मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है। आरोपित के घर में ताला लगा हुआ है और आसपास सन्नाटा छाया हुआ है। नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बेखौफ बाइक सवार बदमाशों सरेराह अधिवक्ता लाल बचन सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड से इलाके मे सनसनी फैल गई थी। नाराज वकीलों ने लगभग पूरे जिले में हंगामा और प्रदर्शन किया। मृतक परिवार को आर्थिक मदद की मांग करते हुए पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। अधिवक्ताओं में उबाल इसलिए भी ज्यादा है कि दो महीने के भीतर तीन वकीलों की हत्या हो चुकी है। ऐसे में जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वकीलों ने पुलिस व प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।

Adil Ahmad

Share
Published by
Adil Ahmad

Recent Posts