Crime

वाराणसी – हौसला बुलंद बदमाशो ने सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व नेशनल शूटिंग खिलाड़ी को मारी गोली, पुलिस जुटी जांच में, परिजनों ने लगाया सिगरा पुलिस पर लापरवाही का आरोप

ए0 जावेद संग शाहीन बनारसी

वाराणसी। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट अपराधियों को उनके असली जगह जेल भेजती जा रही है, मगर अपराध का ग्राफ कम होने का नाम नही ले रहा है। आज बदमाशो ने सिगरा पुलिस को सीधे चैलेन्ज कर डाला और सरेराह विजयानगरं मार्किट में देर रात एक सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व नॅशनल शूटिंग खिलाड़ी को गोली मार कर घायल कर दिया। घायल युवक को एक निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। जहा उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस मामले में जहा जाँच कर रही है वही पीड़ित के परिजनों ने सिगरा पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। घटना रात लगभग 9 बजे की है।

मिली जानकारी के अनुसार आज बुधवार रात मेनका गाँधी की संस्था से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व नेशनल शूटिंग खिलाडी विशाल सिंह (35) को एक नकाबपोश बदमाश ने गोली मार कर घायल कर दिया। बदमाश का दुस्साहस ये कि फायरिंग के बाद बदमाश पैदल ही इंग्लिशिया लाइन की ओर से भाग निकला। पेट में लगी गोली से घायल विशाल को आसपास के लोगों ने मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। घटना के बाद सुचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो एक हमलावर पैदल ही असलहा लहराते हुए भागता हुआ कैमरे में कैद हुआ है। इस प्रकरण में पुलिस ने एक गेस्ट हाउस के संचालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार मामला आपसी रंजिश से जुडा हुआ है।

इंग्लिशिया लाइन निवासी अशोक कुमार सिंह का पुत्र विशाल सिंह रात लगभग नौ बजे विजया नगर मार्केट स्थित बबलू पाल की दूध डेयरी की दुकान के बाहर खड़ा एक युवक से बातचीत कर रहा था कि अचानक पीछे से मुंह पर गमछा बांधे आए एक युवक ने विशाल के पेट में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही विशाल जमीन पर गिरा और तड़पने लगा। इसी बीच हमलावर दूसरी गोली दागने वाला था कि सामने एक दुकान पर खड़े युवक बहादुरी का परिचय देते हुवे बदमाश को धक्का दे दिया। जिसके बाद असलहा लहराते हुए बदमाश पैदल ही इंग्लिशिया लाइन की ओर भाग निकला। वारदात के बाद विजयानगर मार्केट की खानपान की सभी दुकानें बंद हो गईं। सिगरा पुलिस सम्बन्धित सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। घटना की सुचना मिलते ही मौके पर चेतगंज एसीपी अनिरूद्ध कुमार ने परिजनों और घटनास्थल के आसपास लोगों से घटना के सम्बन्ध में जानकारी इकठ्ठा किया और मतहतो को आवश्यक निर्देश देते हुवे आरोपी की शिनाख्त कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।

इस घटना के बाद अस्पताल आये घायल विशाल सिंह के पिता अशोक कुमार सिंह ने सिगरा पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुवे कहा है कि अपराधिक प्रवृत्ति के पंकज गुप्ता ने बेटे को गोली मारी है। कुछ दिन पहले पंकज ने विशाल को जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की जा चुकी है। वहीं सिगरा पुलिस को भी अवगत कराया गया था। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। एक गेस्ट हाउस संचालक के इशारे पर वारदात को अंजाम दिया गया। पिछले दिनों एक विवाद में विशाल ने हमलावर के खिलाफ पैरवी भी की थी।

वही मिली जानकारी के अनुसार विशाल मेनका गांधी की संस्था “पीपल फॉर एनिमल” से जुडा हुआ है और केवल जानवरों की ही नही बल्कि और भी अन्य सामाजिक कार्यो में आगे रहता है। इसी क्रम में पिछले दिनों एक गेस्ट हाउस संचालक के कार से एक कुत्ता कुचल कर मर गया था। विशाल ने गेस्ट हाउस संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। बताया जाता है कि इसके बाद से गेस्ट हाउस संचालक और विशाल के बीच आपसी रंजिश हो गई थी।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts