National

अडानी समूह को सिर्फ 27 हजार करोड़ रुपयों का क़र्ज़ दिया गया है, जो बैंक द्वारा वितरित क़र्ज़ का 1 फीसद से भी कम है: एसबीआई चेयरमैन दिनेश खारा

ईदुल अमीन

डेस्क: अडानी समूह के शेयरों में गिरावट का दौर जारी रहने से पैदा हुई अनिश्चितता के बीच एसबीआई के चेयरमैन दिनेश खारा ने कहा कि बैंक ने इस समूह को कोई भी कर्ज शेयरों के एवज में नहीं दिया है। बैंक ने शुक्रवार को कहा कि अडानी समूह की कंपनियों को उसने करीब 27,000 करोड़ रुपये का कर्ज दिया हुआ है, जो कुल वितरित ऋणों का सिर्फ 0.88 प्रतिशत है।

एसबीआई के तिमाही नतीजों की घोषणा के अवसर पर खारा ने संवाददाताओं से कहा कि अडानी समूह की परियोजनाओं को कर्ज देते समय भौतिक संपत्तियों एवं समुचित नकदी प्रवाह को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा, ‘इस समूह की हिस्सेदारी हमारे कुल कर्ज में 0.88 प्रतिशत है। बैंक की ऐसी धारणा नहीं है कि अडानी समूह अपनी कर्ज देनदारियों को पूरा करने में किसी तरह की चुनौती का सामना कर रहा है।’

उन्होंने कहा, ‘हमने शेयरों के एवज में कोई कर्ज नहीं दिया है। हमारा इस तरह का कोई पोर्टफोलियो नहीं है। हमने किसी भी वित्तीय देनदारी या अधिग्रहण के लिए कोई गारंटी नहीं दी है। ये सभी प्रदर्शन-आधारित या वित्तीय गारंटी हैं। हमने ऐसा कुछ नहीं किया है, जो हमें चिंता में डाल सके।’ मौजूदा घटनाक्रम को देखते हुए अडानी समूह के साथ लेन-देन के तरीके में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना के बारे में पूछे जाने पर एसबीआई चेयरमैन ने कहा कि बैंक कर्ज की राशि जारी करने के पहले समुचित इक्विटी पर हमेशा जोर देता है। उन्होंने कहा, ‘जब तक इक्विटी नहीं दिखती है, पैसा नहीं जारी किया जाता है। ऐसा नहीं है कि हम किसी इक्विटी का इंतजार कर रहे हैं। आगे भी किसी प्रस्ताव को उसके गुण-दोष के आधार पर ही परखा जाएगा। इस पर क्रेडिट समितियां निर्णय करती हैं।’

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts