अडानी समूह को सिर्फ 27 हजार करोड़ रुपयों का क़र्ज़ दिया गया है, जो बैंक द्वारा वितरित क़र्ज़ का 1 फीसद से भी कम है: एसबीआई चेयरमैन दिनेश खारा

ईदुल अमीन
डेस्क: अडानी समूह के शेयरों में गिरावट का दौर जारी रहने से पैदा हुई अनिश्चितता के बीच एसबीआई के चेयरमैन दिनेश खारा ने कहा कि बैंक ने इस समूह को कोई भी कर्ज शेयरों के एवज में नहीं दिया है। बैंक ने शुक्रवार को कहा कि अडानी समूह की कंपनियों को उसने करीब 27,000 करोड़ रुपये का कर्ज दिया हुआ है, जो कुल वितरित ऋणों का सिर्फ 0.88 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा, ‘हमने शेयरों के एवज में कोई कर्ज नहीं दिया है। हमारा इस तरह का कोई पोर्टफोलियो नहीं है। हमने किसी भी वित्तीय देनदारी या अधिग्रहण के लिए कोई गारंटी नहीं दी है। ये सभी प्रदर्शन-आधारित या वित्तीय गारंटी हैं। हमने ऐसा कुछ नहीं किया है, जो हमें चिंता में डाल सके।’ मौजूदा घटनाक्रम को देखते हुए अडानी समूह के साथ लेन-देन के तरीके में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना के बारे में पूछे जाने पर एसबीआई चेयरमैन ने कहा कि बैंक कर्ज की राशि जारी करने के पहले समुचित इक्विटी पर हमेशा जोर देता है। उन्होंने कहा, ‘जब तक इक्विटी नहीं दिखती है, पैसा नहीं जारी किया जाता है। ऐसा नहीं है कि हम किसी इक्विटी का इंतजार कर रहे हैं। आगे भी किसी प्रस्ताव को उसके गुण-दोष के आधार पर ही परखा जाएगा। इस पर क्रेडिट समितियां निर्णय करती हैं।’











