National

मणिपुर हिंसा: कुकी गाँव पर हुआ हमला, भारी गोलीबारी में 2 ग्रामीणों की मौत

फारुख हुसैन

डेस्क: मणिपुर में हिंसा की फिर एक बड़ी घटना सामने आ रही है। यह घटना चुराचांदपुर और बिष्णुपुर जिले के बॉर्डर पर पड़ने वाले खोइरेंटक गांव की है। जहा 29 अगस्त की सुबह बदमाशों ने कुकी समुदाय के इस इलाके में हमला कर दिया। जवाब में गांव वालों की तरफ से भी भारी फायरिंग की गई। खबर है कि गोलीबारी के दौरान गांव के दो लोगों की मौत हो गई।

द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमला सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। खबर है कि हिंसा रात तक चलती रही। एक डिफेंस सोर्स के मुताबिक, दिन में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों और सेना ने अभियान चलाया और हमले में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मणिपुर पुलिस ने बताया कि नारानसेना इलाके से सटे गांवों में गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और सात लोग गोली या छर्रे लगने के चलते घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में तैनात जिला पुलिस, असम राइफल्स, सेना और केंद्रीय बलों ने स्थिति को कंट्रोल कर लिया है। एक मृतक की पहचान 30 साल के जंगमिनलुन गंगटे के तौर पर हुई है। मरने वाले दूसरे शख्स की पहचान अब तक नहीं हुई है।

इस बीच मणिपुर पुलिस ने मीडिया को बताया कि अलग-अलग अभियानों में अलग-अलग संगठनों के चार आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए। इन्हें इंफाल पूर्व और बिष्णुपुर के जिलों से पकड़ा गया है। पकड़े गए चारों उग्रवादियों में एक NSCN(IM) का, एक पीपल्स लिबरेशन आर्मी और दो कंगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी से हैं।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts