International

नए साल के पहले ही दिन जापान में प्राकृतिक आपदा, तीव्र भूकम्प के बाद सुनामी, भारत ने जारी किये हेल्पलाइन नम्बर

तारिक़ खान

डेस्क: नए साल के पहले ही दिन जापान में प्राकृतिक आपदा का दिन रहा। जापान में आज सोमवार को आए तीव्र भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। वही वहां मौजूद भारतीय दूतावास ने एक इमरजेंसी कंट्रोल रूम बनाया है। जापान में भारत के दूतावास ने सोशल मीडिया साइट पर इसकी जानकारी दी है।

खबरों के मुताबिक जापान में 7.6 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की शुरुआती लहरें उठनी शुरू हो गई। जापान से मिल रही रिपोर्टों के मुताबिक़ देश के मध्य क्षेत्र में सुनामी की कुछ मीटर ऊंची लहरें उठने लगी हैं। ये लहरें इस इलाके के तटीय क्षेत्रों में पहुंचने लगी हैं। जापान के नेशनल ब्रॉडकास्टर एनएचके के मुताबिक़ इशाकावा प्रांत के वाजिमा शहर में 1.2 मीटर की ऊंची समुद्री लहरें देखने को मिली। तोयोमा प्रांत के शहर तोयोमा में भी सुनामी की वजह से समुद्र में लहरें उठती दिखीं।

इससे पहले एनएचके ने मध्य जापान में इशाकावा प्रांत के तटीय नोतो इलाके में नागरिकों को तुरंत घर छोड़कर ऊंची जगहों पर जाने को कहा था। अधिकारियों ने कहा है कि सुनामी की वजह से नोतो में पांच मीटर तक समुद्री लहरें उठ सकती हैं। नोतो के पड़ोसी प्रांत निगाता और तोयोमा में भी सुनामी आने की चेतावनी जारी की गई थी। यहां समुद्र में तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई थी।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ इशाकावा प्रांत के सुज़ू शहर में भूकंप से कई मकान और बिजली के खंभे गिर गए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि करीब 1.2 मीटर यानी चार फीट तक ऊंची लहरें वाजिमा पोर्ट से टकराई हैं। इशिकावा प्रांत में 32 हज़ार 500 घरों की बिजली कट गई है। स्थानीय प्रशासन के हवाले से क्योदो समाचार एजेंसी ने ये जानकारी दी है। जापान की सबसे बड़ी न्यूक्लियर पावर ऑपरेटर कनसाई इलेक्ट्रिक ने कहा है कि भूकंप प्रभावित इलाके के न्यूक्लियर संयंत्रों में चीजें सामान्य हैं। एनएचके के फुटेज में इशाकावा प्रांत के तटीय इलाके बुरी तरह हिलते नजर आ रहे हैं। भूकंप के तुरंत बाद टोक्यो से इशाकावा प्रांत के बीच बुलेट ट्रेन का संचालन रोक दिया गया है।

वही भारत के नागरिको के लिए मदद हेतु ज़रूरतमंदों के लिए जापान में मौजूद भारतीय दूतावास ने पाँच नंबर जारी किए हैं। साथ ही दो ईमेल आईडी भी दी गई हैं, जिनपर संपर्क किया जा सकता है। ये नम्बर +81-80-3930-1715 (याक़ूब तोपनो), +81-70-1492-0049 (अजय सेठी), +81-80-3214-4734 (डीएन बर्नवाल), +81-806229-5382 (एस भट्टाचार्य), +81-80-3214-4722 (विवेक राठी) के है। इसके अलावा sscons।tokyo@mea.gov.in और offfseco।tokyo@mea.gov.in ईमेल आईडी भी जारी की गई हैं।

pnn24.in

Recent Posts