UP

बहराइच हिंसा पर बोले अखिलेश यादव ‘DJ पर क्या बज रहा…यह देखना चाहिए था’ अजय राय ने कहा ‘यूपी में जंगलराज, सीएम दे इस्तीफा’, केशव प्रसाद मौर्या ने कहा ‘साजिश सफल नहीं होगी’

आफताब फारुकी

डेस्क: बहराइच में आक्रोशित भीड़ ने अस्पताल, शोरूम और दुकानों को आग लगा दी। हिंसा प्रभावित इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान रविवार को दो समुदायों में पथराव-आगजनी के साथ 20 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई। इसमें 22 साल के राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई।

कांग्रेस और सपा ने हिंसा को लेकर सरकार को घेरा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- पुलिस को देखना चाहिए था कि डीजे पर क्या बज रहा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार से हिंसा जल्द से जल्द रोकने की मांग की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा- योगी को इस्तीफा देकर मठ में चले जाएं। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने घटना को दुखद बताया है। सपा नेता एसटी हसन ने कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।

अखिलेश ने कहा घटना किस कारण हुई है। शासन-प्रशासन सब जानता है। सरकार को न्याय करना चाहिए। एक चौकी इंचार्ज या वहां पर मौके पर कोई और छोटा अधिकारी हट जाए, उससे कानून व्यवस्था नहीं संभलेगी। जिस समय ये यात्रा निकलनी शुरू हुई, प्रशासन को ये ध्यान रखना चाहिए था कि यात्रा का रूट क्या है, रूट पर पर्याप्त पुलिस है क्या? इसके साथ-साथ उन लाउडिस्पिकर पर क्या बजाया जा रहा है, अगर यह बात मैं कहूं तो हो सकता है सरकार कुछ और बात कहेगी। प्रशासन को ये ध्यान रखना चाहिए था कि आखिर क्या बजा रहे हैं। क्या किसी को अपमानित कर रहे हैं। ये पूरी जिम्मेदारी सरकार की थी।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने X पर लिखा- बहराइच में हो रही हिंसा और प्रशासन के निष्क्रिय होने की खबरें अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्य प्रशासन से अपील करती हूं कि तत्काल एक्शन लें। जनता को विश्वास में लें और हिंसा रोकें। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।

यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा- पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम है। बहाराइच में गोली चली है। योगी के बस का नहीं रह गया है। उनको इस्तीफा देकर मठ चले जाना चाहिए। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा- ये बहुत ही दुखद है। सभी से निवेदन है कि सौहार्द कायम करने में मदद करें। आगे कोई घटना न हो और शांति कायम करने में अपना हर तरह से योगदान दें। ये घटना जांच का विषय है। मैं उम्मीद करता हूं कि मुख्यमंत्री जी इन हालातों को काबू करने में जल्द सफल होंगे, ऐसी मेरी कामना है।

समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने कहा- किसी भी समुदाय को दूसरे समुदाय को भड़काना नहीं चाहिए। पत्थरबाजी नहीं करनी चाहिए। उन्हें कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। सही तरीका यही है कि अपनी समस्या प्रशासन को बताएं, लेकिन लोग समुदायों को भड़काते हैं। नमाज के समय मस्जिदों के पास लाउडिस्पीकर पर संगीत बजाते हैं। ज्यादातर जगहों पर जहां ऐसी झड़पें होती हैं, वह हिंदू-मुस्लिम हिंसा में बदल जाती हैं। इससे देश और समाज कमजोर होता है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा ये दुखद है कि दुर्गा पूजा विसर्जन पर लगातार पथराव हो रहा है, लेकिन योगी आदित्यनाथ और प्रशासन इसे काबू करने में जुटी है। सपा और कांग्रेस तो हमेशा से ऐसी घटनाओं पर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने में जुटे रहते हैं, लेकिन देश की जनता बहकने वाली नहीं है।

डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने X पर लिखा उत्तर प्रदेश की शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोई भी साजिश सफल नहीं होगी। दंगाइयों को संरक्षण देने वाले एक बार फिर सक्रिय हो रहे हैं, लेकिन हमें सतर्क और सजग रहना होगा। प्रदेश के उज्जवल भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा- बहराइच में मूर्ति विसर्जन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने हमला करके एक श्रद्धालु की हत्या कर दी। CM योगी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्य आरोपी सहित कई लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts