National

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा ‘कनाडा भारत पर गंभीर आरोप लगा रहा है, मगर सबूत नही दे रहा है’

मो0 कुमेल

डेस्क: पिछले कुछ समय से भारत और कनाडा के बीच संबंध लगातार ख़राब होते जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच संबंध अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। हरदीप सिंह निज्जर की पिछले साल जून में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया राज्य में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी हफ़्ते सोमवार को भारत ने कहा था कि उसने कनाडा से भारतीय उच्चायुक्त संजय वर्मा समेत कई और राजनयिकों को वापस बुला लिया है।

इसके साथ ही भारत ने कनाडा के छह राजनयिकों को देश से निष्कासित कर दिया था। लेकिन कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने राजधानी ओटावा में प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके दावा किया था कि उनकी सरकार ने छह भारतीय राजनयिकों को देश से निष्कासित किया है। भारत-कनाडा विवाद पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने ताज़ा बयान जारी कर कहा है कि कनाडा भारत पर गंभीर आरोप लगा रहा है, लेकिन उसने इसके सबूत नहीं दिए हैं।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘इस मुद्दे पर हमने अपना रुख़ पहले ही साफ़ कर दिया है। हमने बीते दो दिनों में इस बारे में कई प्रेस रिलीज़ जारी की हैं, जिनमें हमारा रुख स्पष्ट है। बीते सितंबर महीने से ही कनाडा की सरकार ने हमारे साथ ज़रा सी भी जानकारी साझा नहीं की है। कल हमने फिर से बयान जारी किया था कि कनाडा ने गंभीर आरोप लगाए हैं लेकिन इसके समर्थन में कोई पुख्ता सबूत नहीं दिया है।’

उन्होंने कहा, ‘कल प्रधानमंत्री ट्रू़डो की ओर से दिया गया बयान ही उनके आरोपों पर हमारे रुख़ के महत्व को इंगित करता है। हम स्वाभाविक तौर पर अपने राजनयिकों पर लगे फर्ज़ी आरोपों को ख़ारिज करेंगे।’ इससे पहले बुधवार को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने देश के भीतर विदेशी हस्तक्षेप पर हुई पब्लिक इंक्वायरी में कहा था कि हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बारे में शुरुआती अनुमान गैंगवॉर का था लेकिन दक्षिण एशियाई सांसदों और समुदाय के लोगों ने कहा कि इसके पीछे भारत सरकार का हाथ हो सकता है।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts