Varanasi

वाराणसी: सवारी बैठाने को लेकर हुई नाविकों में ‘प्रचंड ढिशुम-ढिशुम’, जमकर चले ईंट पत्थर, किशोरी सहित 5 घायल

ए0 जावेद

वाराणसी: तेलियानाला घाट पर रविवार सुबह नाव में सवारी बैठाने के विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि दो पक्षों के बीच पथराव की नौबत आ गई। इस दरमियान दोनों पक्षों के बीच प्रचंड ढिशुम ढिशुम हुई और जमकर ईंट पत्थर चले, लगभग 10 मिनट तक चले इस पथराव में बाबू साहनी (28), विष्णु साहनी (32), राजकुमार (56), कुमार साहनी (55) और 16 वर्षीय ज्योति साहनी सहित पांच लोग घायल हो गए। ज्योति का सिर गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जख्मी पक्ष का कहना है कि प्रहलादघाट निवासी जगदीश साहनी, संतोष साहनी, सत्येंद्र साहनी, दिवाकर साहनी, सिजय साहनी और अजय साहनी समेत 20-25 लोगों का समूह तेलियानाला घाट पर सवारी बैठाने पहुंचा था। स्थानीय नाविकों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मामला झगड़े में बदल गया। अचानक हमलावरों ने घाट पर रखे निर्माण सामग्री के पत्थरों का सहारा लिया और पथराव शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पथराव से घाट पर आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद जख्मी पक्ष ने आदमपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण घाटों पर सवारी बैठाने को लेकर अक्सर इस तरह के खूनी झगड़े होते रहते हैं। इससे पहले भी नमो घाट, प्रहलाद घाट और भैसासुर घाट पर इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts