Others States

राजस्थान अनीता हत्याकांड की जांच करेगी सीबीआई

शफी उस्मानी

डेस्क: राजस्थान में सुर्खियों में रही अनीता हत्याकांड मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। अनीता के परिवार वाले लगातार इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे थे। जोधपुर पुलिस कमिश्नर राजेंद्र सिंह ने सीबीआई जांच के फ़ैसले के बारे में मीडिया को जानकारी दी है।

इस मामले पर नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल का कहना है, ‘जोधपुर से अनीता जाट के जघन्य हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन हुआ। समझौता वार्ता में इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की बात पर सहमति बनी।’ सांसद बेनीवाल ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि सीबीआई इस मामले में पर्दे के पीछे बैठे अपराधियों को भी पकड़ने की कार्रवाई करेगी।

पचास साल की ब्यूटीशियन अनीता चौधरी 27 अक्तूबर 2023 की दोपहर को लापता हो गई थीं। बाद में पुलिस ने अनीता चौधरी का शव छह टुकड़ों में बरामद किया था। इस मामले में मुख्य अभियुक्त गुलामुद्दीन की गिरफ्तारी समेत अन्य मांगों को लेकर परिजनों ने बीस दिनों तक धरना दिया था।

इस दौरान सांसद हनुमान बेनीवाल ने धरना स्थल पहुंच कर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी थी, जिसके बाद राज्य सरकार और परिजनों के बीच सहमति बनी और इक्कीसवें दिन शव का अंतिम संस्कार किया गया था। इस मामले में जोधपुर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त गुलामुद्दीन और उनकी पत्नी आबिदा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद हाल ही में कोर्ट में चार्जशीट पेश की है। चार्जशीट पेश करने के बाद जांच अधिकारी सुनील पंवार ने पत्रकारों को बताया था कि लूट के इरादे से ही हत्या करने की बात सामने आई है।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts