National

वर्ष 1901 के बाद सबसे गर्म रही इस वर्ष की फरवरी, फरवरी की गर्मी में सता सकती है मई जून के शिद्दत की चिंता

मो0 कुमेल

डेस्क: इस वर्ष फरवरी में ही मौसम ने ऐसा करवट लिया है कि 124 सालो के इतिहास में सबसे गर्म फरवरी महीना रहा है। इसके पहले इससे अधिक गर्म फरवरी का महीना वर्ष 1901 में रिकार्ड किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2025 में फरवरी में औसत तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा रहा। इस लिहाज से 1901 के बाद इस साल की फरवरी भारत की सबसे गर्म फरवरी बन गई है।

आगे आने वाले दिनों में भी राहत की उम्मीद नहीं दिखाई देती। मार्च से मई तक का मौसम पूर्वानुमान कहता है कि देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान औसत से ज्यादा रह सकता है। इसके अलावा देश के ज्यादातर इलाकों में सामान्य से ज्यादा हीटवेव की मार पड़ने की संभावना है। इस फरवरी दिल्ली में भी गर्मी ने खूब तंग किया, यहां बुधवार, 26 फरवरी को अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

यही नहीं दिल्ली में रात के तापमान ने भी 74 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, 74 सालों के बाद गुरूवार को फरवरी महीने में दिल्ली की सबसे गर्म रात रही। सफदरजंग इलाके में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 1951 के बाद यह फरवरी का सबसे गर्म तापमान है। 1951 से ही भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मौसम के रिकॉर्ड रखने शुरू किए थे। 19.5 डिग्री सेल्सियस तापमान सीजन के नॉर्मल टेंपरेचर की तुलना में 7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

आईएमडी के मुताबिक, इससे पहले 2015 में 19 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। 1973 में 18.6 डिग्री, 1992 में 18.2 डिग्री सेल्सियस और 1988 में 18 डिग्री सेल्सियस तापमान था। हालात ये हैं कि पिछले पांच दिनों से राजधानी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार से रात के तापमान में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी देखी जा रही है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह बदलाव आया है। अब ऐसे में मई और जून की गर्मी के सम्बन्ध में चिंता हो सकती है। जब फरवरी ने ऐसा असर दिखाया है तो मई और जून तो अपने तपिश के लिए नाम कमा कर बैठा है।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts