Crime

लव जिहाद की बात करने वाले इसको क्या कहेगे ?: गिरीश सोनी ने नाम बदल कर मुस्लिम युवती को प्रेम पाश में फंसा कर किया दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन हेतु बनाया दबाव, भोपाल पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार

तारिक आज़मी

डेस्क: मध्य प्रदेश में करीब तीन साल पहले धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक अधिनियम 2021 बना था। यह कानून प्यार की आड़ में दूसरे धर्म की लड़की को अपना धर्म अपनाने के लिए मजबूर करने की रोकथाम के लिए भाजपा सरकार ने बनाया था। अब तक इस विधेयक में अधिकांश मुस्लिम युवक ही आरोपी बनते आए हैं। हिंदूवादी संगठनो के लोग इसको लव जेहाद का नाम देते रहे है। लव जेहाद जैसे आरोपों के जुर्म में कई मुस्लिम युवको को जेल जाना पड़ा और कई युवक जेल में है।

मगर मध्य प्रदेश के भोपाल में अब एक ऐसी घटना सामने आई है जिसमे हिन्दू लड़के ने मुस्लिम युवती को नाम परिवर्तित करके पहले अपने प्रेमपाश में फंसाया, उसके साथ दुष्कर्म किया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। जब उसने धर्म परिवर्तन हेतु युवती पर दबाव बनाया तब जाकर युवती को उस युवक की असलियत पता चली और उसने धर्म परिवर्तन से इंकार कर दिया। इसके बाद युवती ने इस मामले में युवक की एक महिला सहयोगी सहित आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाया है। पहली बार किसी हिंदू युवक पर मुस्लिम युवती पर धर्म बदलने के लिए दबाव बनाने का केस दर्ज किया गया है।

बताया जाता है कि मामला भोपाल के छोला तना क्षेत्र का है। जहा एक हिंदू युवक ने नाम बदलकर मुस्लिम युवती को फंसाया, उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर शादी के लिए उस पर धर्म बदलने का दबाव भी बनाया। इतना ही नहीं आरोपी पक्ष की एक हिंदू महिला भी युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाती रही। आरोपी युवक का वास्तविक नाम गिरीश सोनी है, युवती को उसने अपना नाम बादल बताया था। युवती की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

राजधानी की छोला थाना पुलिस के अनुसार ईटखेड़ी थाना क्षेत्र में रहने वाली 19 साल की पीड़ित युवती ने बताया कि उसकी पहचान कुछ समय पहले छोला थाना क्षेत्र में रहने वाले क्रिस उर्फ बादल से हुई थी। दोस्ती के बाद क्रिस ने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया और दोनों एक-दूसरे से बात करने लगे। अक्टूबर 2024 में क्रिस ने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इससे नाराज युवती ने उसके खिलाफ थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की बात कही। इस पर आरोपी क्रिस ने युवती से जल्द से जल्द शादी करने की बात कही। इसके बाद वह लगातार युवती का शारीरिक शोषण करने लगा।

पीड़ित युवती जब भी शादी करने की बात कहती तो आरोपी क्रिस कोई न कोई बहाना बनाकर उसे टाल देता। इससे परेशान पीड़िता ने क्रिस पर जल्द से जल्द शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया। युवती के बार-बार बोलने पर आरोपी ने पीड़िता से कहा कि शादी के लिए तुम्हें धर्म बदलना होगा। लेकिन, पीड़ित युवती धर्म बदलने से इंकार कर दिया। इस पर आरोपी क्रिस ने भी उससे शादी करने से मना कर दिया। युवती ने बताया कि आरोपी क्रिस की तरफ से एक महिला ने भी उस पर धर्म बदलने के लिए दबाव बनाया था। इस दौरान युवती को युवक के हिंदू होने की जानकारी लगी तो उसने थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी क्रिस असली नाम गिरीश सोनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में महिला को भी सह-आरोपी बनाया गया है। प्रकरण में छोला थाना प्रभारी सुरेश चंद्र नागर ने बताया कि अपनी पहचान छिपाकर दुष्कर्म करने और धमकी देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में केस दर्ज किया गया है। आरोपी गिरीश सोनी ने बादल बनाकर युवती का शारीरिक शोषण किया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts